फरीदाबाद में घर से कैश-लाखों के आभूषण चोरी

हरियाणा के फरीदाबाद के गांव गौंछी से सटे जीवन नगर पार्ट- 2 में आज सुबह घर में घुसकर चोर लाखों की ज्वेलरी और घर में रखे लगभग 50 हजार रुपए चुरा ले गए। वारदात के समय घर के सदस्य अपने-अपने काम से गए थे। 10 मिनट में लौटे तो चोर अपने काम कर चुके थे। वारदात की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।

गौरव ने बताया कि वह अपने भाई विवेक मनी, भाभी प्रियंका और अपने माता पिता के साथ चंदीला चौक के पास अपना मकान बना कर रह रहा है। उनके पिता घनश्याम मनी बीमारी के चलते ईएसआई अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हीं की देखरेख के लिए उनकी माता कुसुम भी 5 दिनों से अस्पताल में ही है।

उसने बताया कि आज सुबह तैयार होकर वह अपने ऑफिस चले गए। उनकी भाभी प्रियंका और भाई विवेक मनी अपने बेटे अयांश मनी को चंदीला स्कूल में छोड़ने के लिए एक साथ निकले थे। उन्हें वहां से बच्चों को छोड़कर ईएसआई अस्पताल जाना था। बच्चे को छोड़कर जब वह लगभग 10 मिनट बाद घर लौटे तो देखा कि घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला।

गौरव ने बताया कि अलमारी में रखे लगभग 50 हजार रुपए और लगभग 3:50 लाख रुपए के सोने के आभूषण गायब थे। इसकी सूचना पुलिस को दी। उन्हें शक है कि आसपास के ही रहने वाले किसी ने रेकी कर उनके घर में चोरी की है। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंची है।

पुलिस चौकी इंचार्ज श्याम वीर ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश की जाएगी। फिलहाल पीड़ित से शिकायत ले ली गई है और आगे कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button