भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद हुड्डा ने की प्रेस कान्फ्रेंस, बोले- हरियाणा में चल रही दोमुंही सरकार

चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद आज चंडीगढ़ में प्रेस कान्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा को जबरदस्त कामयाबी मिली। लोग लाखों की तादाद में शामिल हुए थे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने हर वर्ग के लोगों से मुलाकात की। किसान, मजदूर, कर्मचारी, पूर्व सैनिक, युवा, बेरोजगार, विद्यार्थी सफाई कर्मी, चौकीदार और सरपंचों समेत कई प्रतिनिधिमंडल राहुल गांधी से मिले।

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में दोमुंही सरकार चल रही है। इस सरकार ने तीन गुना महंगाई, चार गुणा कर्जा, पांच गुना अपराध और छह गुना भ्रष्टाचार बढ़ाया है। भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सरपंचों की पावर खत्म की है। उन्होंने कहा कि ई-टेंडरिंग के जरिए सरपंचों को दरकिनार किया जा रहा है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सड़कों की खस्ता हालत का सामना करना पड़ा। पूरे हरियाणा में राज्य सरकार की सड़कों की खस्ता हालत है।

उन्होंने संदीप सिंह पर लगे आरोपों पर कहा कि खेल मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। जब तक वह इस्तीफा नहीं देते निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। कांग्रेस सरकार के दौरान जब मंत्रियों पर कोई आरोप लगे तो उन्होंने भी इस्तीफा दिया था। मामले को दबाने के लिए मौजूदा सरकार में एसआईटी बनाई जाती है। किसी भी मामले में एसआईटी की जांच सिरे नहीं चढ़ी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button