उपायुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ विक्रम सिंह ने किया कार्यालय का औचक निरीक्षण

-निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले कई कर्मचारी, सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश
-स्मार्ट सिटी की सभी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश  
फरीदाबाद, 13 फरवरी। जिला उपायुक्त एवं स्मार्ट सिटी की सीईओ विक्रम सिंह ने सोमवार सुबह सेक्टर-20 स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान कार्यालय के 15 से अधिक कर्मचारी व अधिकारी अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने तुरंत सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने व सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान स्मार्ट सिटी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त एवं सीईओ विक्रम सिंह ने कहा कि स्मार्ट सिटी के वर्तमान में किए जा रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय पर पूर्ण करवाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इंजीनियरिंग विंग के सभी अधिकारी व कर्मचारी लगातार विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखेंगे और निरंतर उसका निरीक्षण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए। अगर कहीं कोई समस्या आती है तो इसकी जानकारी भी उन्हें तुरंत प्रभाव से दी जाए। उन्होंने बैठक में प्रत्येक परियोजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जो परियोजनाएं का कार्य 90 प्रतिशत से अधिक तक पूरी हो चुकी हैं, उनके शेष बचे कार्य को अति शीघ्र पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए। उन्होंने नगर निगम व एफएमडीए की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।
बैठक में उन्होंने स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम की समीक्षा करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर प्रतिदिन किए जाने वाले चालान की जानकारी ली। इस दौरान कर्मचारियों ने बताया कि प्रतिदिन पुलिस कर्मचारियों द्वारा कंट्रोल रूम में 200 से ज्यादा चालान किए जा रहे हैं। इस पर उपायुक्त विक्रम सिंह ने निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू रखा जाए और अगर कोई कैमरा खराब होता है तो उसे तुरंत ठीक करवाया जाए।

Related Articles

Back to top button