बल्लभगढ़ राजा बल्लू/नाहर सिंह की नगरी: कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा

राजा नाहर सिंह के साथ गुलाब सिंह सैनी व भूरा वाल्मीकि सहित 500 सैनिक भी हुए थे शहीद: ओपी धनखड़

फरीदाबाद/बल्लभगढ़, 06 अप्रैल। हरियाणा सरकार के परिवहन एवं खनन विभाग के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि बल्लभगढ़ की ऐतिहासिक नगरी राजा बल्लू/नाहर सिंह की पुरानी रियासत रही है। कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा आज वीरवार को राजा नाहर सिंह भूमि पूजन समारोह में स्थानीय दशहरा ग्राउंड में आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राजा नाहर सिंह के नाम से किए जाने वाले विकास कार्यों में कांग्रेस पार्टी व अन्य पार्टियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। केवल बीजेपी के कार्यकाल में ही राजा राजा नाहर सिंह के नाम से ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड पार्क का नाम सहित अनेक विकास कार्य राजा नाहर सिंह के नाम से करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा रानी की छतरी का जीर्णोद्धार करवाया गया है। राजा नाहर सिंह महल में भी राजा नाहर सिंह की प्रतिमा लगवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राजा नाहर सिंह की रियासत में पलवल बॉर्डर और दिल्ली बॉर्डर पर भी एक-एक मूर्ति राजा नाहर सिंह की स्थापित की जाए। इसके अलावा राजा नाहर सिंह की प्रतिमा में गरीब और अमीर सहित सभी का सहयोग लिया जाए। उन्होंने अपने ऐच्छिक कोष से 11,00,000 रुपए देने की घोषणा भी की।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने राजा नाहर सिंह भूमि पूजन समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज गर्व और गौरव का पर्व है। आज राजा नाहर सिंह की जयंती है। इसके अलावा हनुमान जन्मोत्सव है और भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है तथा भारत के भूतपूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि भी है। उन्होंने कहा कि राजा नाहर सिंह के साथ दिल्ली में अंग्रेजी हकूमत ने गुलाब सिंह सैनी, भूरा बाल्मीकि सहित 500 सैनिकों का कत्ल किया था। उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि देश की आजादी के लिए 327000 लोगों ने  अपनी शहादत दी थी। इसी प्रकार अंग्रेजों ने भी राजा नाहर सिंह की तरह लगभग 13500 लोगों को फांसी और कालापानी की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज में भी 36000 लोगों ने देश के नाम अपनी जाने गवाई थी। उन सभी ज्ञात अज्ञात सभी शहीदों को हम हमेशा हमेशा शत-शत नमन करते रहेंगे। ओपी धनखड़ ने कहा कि 1857 की क्रांति में झांसी की रानी सहित अनेक योद्धाओं ने अपना बलिदान देश की आजादी में दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के नाम से हवाई अड्डा सहित अन्य विकास परियोजनाओं के नाम रखें। जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य शहीदों के नाम योजना और परियोजनाओं के नामांकन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्मारक बनाने में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है और सर्व समाज का योगदान से ही कोई सर्वमान्य स्मार्क राजा नाहर सिंह के नाम पर बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अपने ऐच्छिक कोष से ₹111000 की धनराशि देने की घोषणा भी की। यह भूमि पूजन 165 बाद साल राजा नाहर सिंह की याद में किया गया है। राजा नाहर सिंह को 9 जनवरी 1858 को अंग्रेजों ने दिल्ली में फांसी की सजा दी थी। बल्लभगढ़ में आज हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व, राजा नाहर सिंह की जयंती पर राजा नाहरसिंह की प्रतिमा स्थल पर राजा नाहर सिंह महल बल्लभगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ओमप्रकाश धनखड अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी हरियाणा और कार्यक्रम मे विशिष्ठ अतिथि कैबिनेट मंत्री हरियाणा सरकार मूलचंद शर्मा ने शिरकत की। यह कार्यक्रम गणमान्य संस्थाओं जिनमें जाट संस्था प्याली फरीदाबाद, राजा नाहर सिंह फाउंडेशन ट्रस्ट, राजा नाहर सिंह अभियान दिल्ली, जाट मित्र मंडल फरीदाबाद, राष्ट्रीय जाट एकता मंच तथा वीर शहीद सम्मान समिति, भारतीय जाट समाज बल्लभगढ़ द्वारा आयोजित किया गया।

शहीदी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर राजा नाहर सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए

इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने बल्लभगढ़ के शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्प अर्पित किए। इसके बाद राजा नाहर सिंह महल में आयोजित राजा नाहर सिंह की जयंती व भूतपूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल की पुण्यतिथि और हनुमान जयंती पर आयोजित हवन में आहुति भी डाली। भूमि पूजन समारोह को विधायक दीपक मंगला, विधायक नरेंद्र गुप्ता, विधायक सीमा त्रिखा, विधायक नीरज शर्मा, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, पूर्व विधायक करण सिंह दलाल और सरदार भगत सिंह के प्रपौत्र सरदार यादवेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। भूमि पूजन समारोह के संयोजक सतवीर डागर ने कहा कि राजा नाहर सिंह की साढे 17 फीट ऊंचाई की अष्टधातु की मूर्ति बनाई जाएगी। वहीं इसके नीचे 20 फुट का फाउंडेशन भी बनाया जाएगा। अरुण जैलदार ने आए हुए सभी मेहमानों का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जिला परिषद के चेयरमैन विजय सिंह, वाइस चेयरमैन धर्म चौधरी, मुनेश नरवाल, उषा शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और विभिन्न पालों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भूमि पूजन समारोह के हवन में भाग लिया।

Related Articles

Back to top button