बुलंद भारत पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा हरियाणा में सभी चुनावों में प्रत्याशी उतारेगी पार्टी

फरीदाबाद, 02 अक्टूबर। बुलंद भारत पार्टी ने आज फरीदाबाद स्थित मैगपाई पर्यटन कांपलेक्स में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जिसके दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुणाल कांत व राष्ट्रीय महासचिव मनोज शर्मा ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की।
हरियाणा में आर पी गौर (हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष), अनीता शर्मा (महिला प्रदेश अध्यक्षा), महेश गर्ग (प्रदेश उपाध्यक्ष), अशोक नर्वत (युवा प्रदेशाध्यक्ष) व जिलास्तर पर विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। पार्टी द्वारा आयोजित प्रथम कार्यकर्ता सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता से गदगद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यक्रम में हरियाणा व अन्य राज्यों से आए हुए सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का धन्यवाद किया व पार्टी को नई ऊंचाइयों की तरफ ले जाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का प्रोत्साहन किया। पार्टी के महासचिव मनोज शर्मा अधिवक्ता ने बताया कि उनकी पार्टी दिनों दिन प्रगति पथ पर अग्रसर है व दिनोंदिन उनकी पार्टी से लोग जुड़ते जा रहे हैं।
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उन्होंने हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष व अन्य सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी पार्टी देश में राजनीति की दशा दिशा बदलने के लिए प्रतिबद्ध है व सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा है कि वे पार्टी के उद्देश्यों के प्रचार प्रसार के लिए तन मन धन से कार्य करेंगे व भारत देश को बुलंद भारत बनाने के उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में हरसंभव योगदान सुनिश्चित करेंगे।  पार्टी के अध्यक्ष श्री कुणाल कांत ने कार्यक्रम में देश-प्रदेश से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी के उद्देश्यों के बारे में बताया कि बुलंद भारत पार्टी जात-पात, क्षेत्रवाद, अलगाववाद व परिवारवाद की राजनीति से ऊपर उठकर राजनीति की नई ऊंचाइयों को छूने व देश को बुलंदी की ओर ले जाने हेतु अग्रसर है।
इस दिशा में कार्य करते हुए देश को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आंतरिक व बाह्य सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्योग आदि क्षेत्रों को प्राथमिकता पर रख बुलंद भारत बनाने की दिशा में कार्य करेगी। उन्होनें हरियाणा में होने वाले सभी चुनावों में प्रत्याशी उतारने की भी घोषणा की। सम्मेलन में देश-प्रदेश से आए सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related Articles

Back to top button