मरम्मत के लिए बंद किया गया बडख़ल बडख़ल रेलवे ओवरब्रिज, वैकल्पिक मार्गों पर बनी जाम की स्थिति

फरीदाबाद, 20 अप्रैल। मरम्मत कार्य के लिए बुधवार को बडख़ल रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की हाईवे से अनखीर गोल चक्कर की तरफ जाने वाली एक लेन बंद कर दी गई। दूसरी लेन को डिवाइडर से दो हिस्सों में बांटकर उस पर दोनों तरफ का यातायात चलाया गया। इस दौरान भारी वाहनों की बडख़ल आरओबी पर पाबंदी रही। बड़ी संख्या में वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा गया। वाहनों का दबाव बढऩे के कारण वैकल्पिक मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान पुलिस मुस्तैद रही और यातायात सुचारु कराया गया।

मरम्मत का कार्य करीब दो सप्ताह चलेगा। एसीपी ट्रैफिक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने पूरे दिन मुस्तैद रहकर यातायात सुचारु किया। बडख़ल ओरओबी व वैकल्पिक मार्गों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। हाईवे से गुरुग्राम, एनआइटी या सूरजकुंड की तरफ जाने वाले लोगों ने ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास का प्रयोग किया। इस कारण यहां वाहनों का दबाव बढ़ गया। पूरे दिन यहां वाहनों की कतार लगी रही। यहां दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों को यहां यातायात सुचारु करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी तरह नीलम आरओबी पर भी जाम की स्थिति बनी।

ग्रीन फील्ड कालोनी में मुख्य सड़क का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में एनएचपीसी चौक से ग्रीन फील्ड के ए ब्लाक से होकर वाहनों को निकाला गया। बडख़ल फ्लाईओवर की एक लेन बंद होने के कारण यहां भी वाहनों की संख्या बढ़ गई। अंदरूनी सड़कें टूटी होने के कारण यहां दिनभर धूल उड़ती रही। यहां जाम की स्थिति नहीं बनी। एक लेन बंद किए जाने का असर बडख़ल मोड़ के आस-पास हाईवे पर भी देखा गया। दूसरी लेन से दोनों तरफ का यातायात गुजारा जा रहा है, इस कारण यहां वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। पुलिसकर्मी भारी वाहनों को इस लेन पर नहीं चढऩे दे रहे। इस कारण यहां भी वाहनों की कतार बढ़ गई। ओल्ड फरीदाबाद से बडख़ल मोड़ वाली सर्विस लेन पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

Related Articles

Back to top button