शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को महिला थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आगरा से किया गिरफ्तार

इस मामले में एक आरोपी को पुलिस द्वारा पहले ही किया जा चुका है गिरफ्तार

फरीदाबाद: पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए महिला थाना बल्लभगढ़ प्रभारी इंस्पेक्टर इंदुबाला उनकी टीम ने दुष्कर्म के मामले में 6 महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम रजत है जो आगरा का रहने वाला है। आरोपी रजत और विवेक के खिलाफ अक्टूबर 2022 में दुष्कर्म व षड्यंत्र की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था जिसमें आरोपी रजत और विवेक ने एक युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस व लीगल ऐड को दिए अपने बयान में पीड़िता ने बताया कि वह 23 वर्ष की है और दसवीं कक्षा तक पढ़ी हुई है। वर्ष 2017 में उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से आरोपी रजत के साथ हुई थी। आरोपी रजत ने उसे वर्ष 2017 में ही शादी के लिए हां की थी जिसके पश्चात दोनों परिवारों का आपस में आना-जाना शुरू हो गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे होटल में लेजाकर शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

इसके पश्चात वर्ष 2020 में एक विवेक नाम के लड़के का पीड़िता के पास फोन आया और उसने पीड़िता को मिलने के लिए बाहर बुलाया जहां पर उसने अपने फोन में पीड़िता और रजत की अश्लील फोटो दिखाई और उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी विवेक ने पीड़िता को ब्लैकमेल करके उसके साथ कई बार अवैध संबंध स्थापित किए। वर्ष 2021 में पीड़िता ने यह बात रजत को बताई। इसके पश्चात वर्ष 2022 में आरोपी रजत ने फिर से युवती को होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। सितंबर 2022 में रजत ने किसी और लड़की के साथ सगाई कर ली जिसका पता चलने पर पीड़िता ने रजत से बात की तो रजत ने बताया कि वह उससे शादी नहीं कर सकता।

पीड़िता ने यह बात अपने परिजनों को बताई जिसके पश्चात पीड़िता ने पुलिस में अपनी शिकायत दी जिसके आधार पर दुष्कर्म व धोखाधड़ी की धाराओं के तहत आरोपी रजत और विवेक के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मामले में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नवंबर 2022 में आरोपी विवेक को गिरफ्तार कर लिया परंतु आरोपी रजत फरार चल रहा था जिसे पुलिस ने गुप्त सूत्रों की सूचना के आधार पर आगरा से गिरफ्तार किया है। प्राथमिक पूछताछ करने के पश्चात आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button