भारत विकास परिषद संस्कार शाखा का शपथ ग्रहण सम्पन्न

अनिल गर्ग प्रधान, सुनीता सचिव, छाबड़ा बने कोषाध्यक्ष

फरीदाबाद, 09 जुलाई। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा द्वारा सुन्दरकांड का पाठ एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन नीलकंठ महादेव मंदिर सेक्टर-8 में किया गया। जिसमें संस्कार शाखा के सदस्यों, भारत विकास परिषद की अन्य शाखाओं से आए पदाधिकारी एवं सेक्टर 8 के स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुन्दरकांड के पाठ के साथ हुई। सुन्दरकांड का पाठ शाखा महिला संयोजिका किरन शर्मा, उनकी टीम और संस्कार शाखा की महिलाओं द्वारा किया गया। सारा दिन बारिश होने के बावजूद भी मंदिर में उपस्थित शाखा के सभी गणमान्य सदस्यों, अन्य शाखा से आए पदाधिकारियों, सेक्टर-8 कॉलोनी निवासी एवं अन्य सभी भक्तजनों ने मंत्रमुग्ध सुन्दरकांड के पाठ का  हिस्सा बन कर प्रोग्राम की शोभा बढ़ाई। सुन्दरकांड के पाठ के पश्चात संस्कार शाखा के दायित्वधारियों अध्यक्ष अनिल गर्ग, सचिव सुनीता रानी, कोषाध्यक्ष अनिल छाबड़ा, महिला संयोजिका किरन शर्मा को सेवा कार्यों को करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एस. एन. बंसल संरक्षक भारत विकास परिषद हरियाणा दक्षिण प्रांत द्वारा शपथ दिलाई गई।
उसके बाद प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं संस्कार शाखा सदस्य सुरेंद्र जग्गा ने शाखा में नए बने सदस्यों सतीश गर्ग सपत्नीक शैली गर्ग, ऊषा शर्मा, गीता शर्मा, वीरेन्द्र बंसल सभी को भी शाखा की सदस्यता की शपथ दिलाई सभी नए सदस्यों का पटका पहना कर स्वागत व सम्मान किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा दक्षिण प्रांत के संरक्षक एस. एन. बंसल, क्षेत्रीय महासचिव राजकुमार अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र जग्गा को शाखा द्वारा पटका पहना कर एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया। शाखा सदस्य प्रेम पसरीचा की तरफ  से संस्कार शाखा के सभी सदस्यों के लिए इस कार्यक्रम में टी शर्ट दी गई उनको भी पटका पहना कर और पौधा देकर स्वागत किया गया। शाखा संरक्षक अमर बंसल ने कहा सुन्दर कांड हिन्दू महाकाव्य रामायण का एक महत्वपूर्ण अध्याय है जो भगवान हनुमान के वीरतापूर्ण कारनामों पर केंद्रित है और सुनने वालों को आशीर्वाद, साहस और शक्ति प्रदान करता है।
शाखा अध्यक्ष अनिल गर्ग ने भारत विकास परिषद के बारे में बताते हुए कहा कि भारत विकास परिषद पांच सूत्रों सेवा, संस्कार, समर्पण, सम्पर्क, सहयोग पर कार्य करता है और आज का कार्यक्रम इन्हीं पांचों सूत्रों पर आधारित है। शाखा सचिव सुनीता रानी ने कार्यक्रम में संस्कार शाखा परिवार अन्य सभी शाखाओं से आए पदाधिकारियों स्थानीय निवासियों के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया और मानवता की सेवा के लिए एक साथ होने के लिए एकता के महत्व पर जोर देते हुए एक बेहतर समाज बनाने के लिए सभी से आग्रह किया। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सभी ने भोजन प्रसाद का आनंद लिया और तृप्ति की भावना के साथ जरूरतमंद लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए प्रेरित हुए।

Related Articles

Back to top button