यमुना में आई बाढ़ से बही मंझावली से शेखपुर-मोजमाबाद सड़क को मरम्मत के बाद रिकॉर्ड समय में ट्रैफिक के लिए खोला: डीसी विक्रम सिंह

रविवार रात को मरम्मत के बाद रास्ता ट्रैफिक के लिए खोला

फरीदाबाद, 17 जुलाई।  उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि यमुना में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दोबारा शुरू करने का कार्य जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर सभी सड़कों की मरम्मत की जा रही है। उन्होंने बताया कि यमुना के तेज बहाव में जगह-जगह क्षतिग्रस्त हुई मंझावली से शेखपुर-मोजमाबाद सड़क को पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने रविवार रात को मरम्मत के बाद रिकार्ड समय में दोबारा से वाहनों के लिए खोल दिया है।
इस सड़क के खुलने से मंझावली, शेखपुरा, मोजमाबाद व आस-पास के खेतों में रहने वाले हजारों लोगों को राहत मिली है। उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से यमुना के तेज बहाव के चलते यमुना के आस-पास के गांव की कई सड़कों हुए रास्तों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन में जैसे ही यमुना का जलस्तर नीचे आया तो अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वह जल्द से जल्द इन सड़कों की मरम्मत का कार्य तेज करें।
उन्होंने बताया कि इसके लिए पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन प्रदीप संधू व अन्य अधिकारियों को टीमें बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी इन सभी कार्यों की स्वयं निगरानी कर रहे हैं। इसी के तहत जगह-जगह से टूटे हुए मंझावली से शेखपुर मोजमाबाद सड़क को दिन-रात की मेहनत के बाद रविवार देर रात को ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर बड़े पत्थर वह रोड़ी बजरी डालकर इसे ट्रैफिक के लिए मोटरेबल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के खुलने से इन तीनों गांव के साथ-साथ आसपास के खेतों में रहने वाले हजारों लोगों को भी फायदा होगा। उपायुक्त ने बताया कि बाकी सड़कों की मरम्मत व यातायात के लिए सुचारू करने का कार्य भी तेज गति से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कमजोर तटबंध की मरम्मत शुरू कर दी गई है और क्षतिग्रस्त हुई सड़कों व रास्तों को जल्द से जल्द स्थानीय लोगों के प्रयोग के लिए खोल दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button