भारत के साथ आगे बढ़ सकता है नाइजीरिया : डॉ. राज नेहरू

जी-20 शिखर सम्मेलन के अंतर्गत श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय पहुंचा नाइजीरिया का 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल

फरीदाबाद, 07 सितम्बर। जी-20 शिखर सम्मेलन के अंतर्गत बृहस्पतिवार को नाइजीरिया का 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय पहुंचा। यहां पहुंचने पर कुलपति डॉ. राज नेहरू और कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के इंडस्ट्री पार्टनर के साथ प्रतिनिधिमंडल ने नाइजीरिया में औद्योगिक विकास और कौशल शिक्षा का तंत्र विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
नाइजीरियन प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. राज नेहरू ने कहा भारत के साथ किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नाइजीरिया के सामने जोखिम नहीं है। भारत के साथ नाइजीरिया आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि हम आपका खुली बाहों से स्वागत करते हैं और हर क्षेत्र में सहयोग करने के लिए तैयार है। कुलपति डॉ. राज नेहरू ने कहा कि नाइजीरिया निश्चिंत होकर आगे बढ़े। उन्होंने कौशल शिक्षा का तंत्र विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग की पेशकश की। कुलपति डॉ. राज नेहरू ने कहा कि हम इंडस्ट्री के जॉब रोल और जरूरत के हिसाब से मानवीय संसाधन तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नो डिमांड, नो प्रोग्राम और नो डिमांड नो जॉब रोल। इस मौके पर उन्होंने पारंपरिक विश्वविद्यालयों की समस्याओं को भी इंगित किया और कौशल के माध्यम से औधोगिक विकास के मॉडल पर चर्चा की।
नाइजीरियन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन कमीशन की अधिकारी स्लेमेंट आई अखिम्बे ने नाइजीरिया और भारत के बीच की समानताओं का जिक्र करते हुए कहा हमारी चुनौतियां और अवसर एक जैसे हैं। भारत के साथ समन्वय स्थापित कर हम आगे बढ़ सकते हैं।
नाइजीरिया इंडिया बिजनेस काउंसिल की महासचिव रेखा शर्मा ने भारत और नाइजीरिया के बीच प्रगाढ़ भागीदारी की पैरवी की और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और सहयोग पर चर्चा की। दिवेश कुमार मिश्रा ने दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच व्यवहारिक समन्वय पर चर्चा की।
ग्लोबल बिजनेस हब के जनरल काउंसिल  मोहम्मद अमीनिया सागिर और अकवाड़ा सी जेम्स के डायरेक्टर चिबोजो इकवेकाऊ ने नाइजीरिया में स्किल एजुकेशन के विकास पर बातचीत की। नाइजीरिया से आए रोंको कोसाको, अफ्रीका इंटरनेशनल के सीईओ बामीडेले सेऊं ओवूला और दोतूने इजरायल ने श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के प्रोग्राम और करिकुलम में दिलचस्पी दिखाते हुए नाइजीरिया के संदर्भ में चर्चा की।

Related Articles

Back to top button