ऋचा अनिरुद्ध दिखा रही हैं पद्म पुरस्कार से सम्मानित नायकों की कहानी

नई दिल्‍ली। सोशल नेटवर्किंग प्‍लेटफॉर्म ‘खुल के’ की महत्‍वपूर्ण सीरीज ‘खुल के बात : पद्म अवॉर्डीज के साथ’ को खूब पसंद किया जा रहा है। इसका प्रसारण दो अक्टूबर से शुरू हो चुका है। चर्चित समाचार वाचक ऋचा अनिरुद्ध पद्म पुरस्कार से सम्मानित इन नायकों के जीवन पर चर्चा करती हैं। प्रत्येक कड़ी का प्रसारण हर सप्ताह शुक्रवार को रात आठ बजे होता है।
इनमें 2021 में पद्मश्री सम्मानित प्रकाश कौर की कहानी भी शामिल है। वह यूनिक होम की संस्‍थापक हैं। उन्‍होंने यूनिक होम के माध्यम से अनाथ बच्चियों को रहने के लिए सुरक्षित जगह प्रदान की। पद्मश्री से सम्मानित करीमुल हक भी इसमें हैं। उन्‍हें प्‍यार से ‘बाइक-एम्‍बुलेंस दादा’ पुकारा जाता है। वह अपनी बाइक को एम्‍बुलेंस में बदलकर जलपाईगुड़ी में 5000 से ज्‍यादा लोगों की जान बचा चुके हैं।
‘खुल के’ में ऊषा चौमर की जिंदगी के पुराने पन्ने भी पलटे जाते हैं। उन्हें 2020 में पद्मश्री प्रदान किया गया था। वह राजस्थान के अलवर की रहने वाली हैं। उन्होंने हाथों से गंदगी साफ करने का काम छोड़कर सामाजिक बदलाव का समर्थन किया। राजस्थान के पर्यावरण प्रेमी सुंदरम वर्मा, कश्‍मीर के जावेद अहमद, झारखंड की लेडी टार्जन जमुना टुडु के जीवन को इनकी कड़ियों में समेटा गया है।

Related Articles

Back to top button