सूरजकुंड इलाके में कार से डेढ़ करोड़ कैश मिला, लेडी मैनेजर गायब, तलाश में जुटी पुलिस  

फरीदाबाद। कार से मिले डेढ़ करोड़ रुपए अभी तक कोई क्लेम करने नहीं आया। पुलिस को इस मामले में नोएडा की कंपनी की लेडी मैनेजर का इंतजार था लेकिन वह भी थाने नहीं आई। जिन दो युवकों से कैश पकड़ा, उन्होंने इसी मैनेजर के कैश के लिए भेजने की बात कही थी। कैश पर किसी के दावा न करने के बाद पुलिस ने सारी नकदी को खजाने में जमा करा दिया। ग्रीन फील्ड चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि एक युवक आया था, जो खुद को कंपनी का वकील बता रहा था। मगर, मीडिया का जमावड़ा देखकर वह रफूचक्कर हो गया।

ग्रीनफील्ड पुलिस टीम सोमवार की रात सूरजकुंड इलाके में रूटीन चेकिंग कर रही थी। तभी दिल्ली की तरफ से आई सफेद रंग की ब्रेजा कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस की टीम को देख युवक डर गए। ड्राइविंग सीट पर बैठा युवक कार मोड़कर वापस जाने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस ने कार रुकवा ली। कार में दो युवक थे। पुलिस ने जब कार की चेकिंग की, तो कार के अंदर तीन बैग मिले। पुलिस की टीम ने उन्हें चेक किया तो उसमें 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां थीं। इसके बाद इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी गई। पुलिस कार, कैश और युवकों को थाने ले गई। जहां नोट गिनने के लिए मशीन मंगाई गई। शुरुआती पूछताछ में युवकों ने कहा कि उन्हें कंपनी की लेडी मैनेजर लक्ष्मी ने यह कैश लेने के लिए भेजा था।

महिला मैनेजर लक्ष्मी गायब
हालांकि पुलिस को शक है कि ये पैसा हवाला का है। दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। दोनों युवकों ने जिस महिला मैनेजर लक्ष्मी के कहने पर कैश लेने के लिए आने की बात कही, वह फिलहाल गायब है। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया था। मगर, मंगलवार दोपहर तक वह फरीदाबाद नहीं पहुंची।
युवक बोला- कंपनी की महिला मैनेजर ने भेजा था

मैनेजर लक्ष्मी ने पेमेंट लाने के लिए गुरुग्राम भेजा था
कार सवार युवक दिल्ली के रहने वाले निकले। इनकी पहचान दिल्ली के संगम विहार निवासी कौशल और कालकाजी निवासी कुंदन के तौर पर हुई। कुंदन नोएडा सेक्टर-85 की सोलर प्रिंट प्रोसेस प्राइवेट लिमिटेड में बतौर सुपरवाइजर नौकरी करता है। कुंदन ने बताया कि सोमवार (24 मार्च) को उसे कंपनी की मैनेजर लक्ष्मी ने गुरुग्राम के सेक्टर-44 में कार के साथ भेजा और कहा कि वहां अमित शर्मा नाम का व्यक्ति मिलेगा, वो कुछ पेमेंट देगा, वो लेकर आ जाओ।

चौकी इंचार्ज सुनील कुमार को 25 लाख रुपए का ऑफर
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इतनी बड़ी रकम किसकी है और इसे किसको देना था। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ा तो बचने के लिए उन्होंने चौकी इंचार्ज सुनील कुमार को 25 लाख रुपए का ऑफर दिया। मगर, इंचार्ज ने इससे इनकार कर दिया। सुनील ने बताया कि एक युवक आया था, जो खुद को कंपनी का वकील बता रहा था। मगर, मीडिया का जमावड़ा देखकर वह रफूचक्कर हो गया। फिलहाल पुलिस बरामद किए गए रुपयों को आज ट्रेजरी में जमा कराएगी।

You might also like