आईपीओ में निवेश के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, जैसलमेर से दबोचा आरोपी खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने आईपीओ में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सूरत गुजरात के कुलदीप अरविंद भाई चोड़वादिया (31) के रूप में हुई है। उसे जेसलमेर राजस्थान से पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए 6 दिन के रिमांड पर लिया है।

सेक्टर-19 के एक व्यक्ति की शिकायत पर सामने आया। शिकायतकर्ता को वॉट्सऐप पर एचडीएफसी सिक्योरिटीज में निवेश का मैसेज मिला था। इसमें रियायती दरों पर विभिन्न आईपीओ में शेयर खरीदने का प्रस्ताव था। सदस्यता लेने के बाद उसे ‘एचडीएफसी सिक्योरिटीज ऑफिशियल’ नाम के वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। पीड़ित का ‘एचडीएफसी वीआईपी’ एप पर खाता खोला। कई ट्रांजैक्शन के जरिए 25 लाख 35 हजार 322 रुपए निवेश किए। जब पैसे निकालने की कोशिश की, तो वह असफल रहा।

इसके बाद उसने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी टेम्पो ड्राइवर है। उसने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। इस खाते में ठगी के 1.5 लाख रुपए जमा हुए थे। पुलिस खाता खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

You might also like