फरीदाबाद में “ऑपरेशन शील्ड” के तहत ब्लैक आउट आज

शाम 5 बजे चिन्हित सैन्य क्षेत्र में होगी मॉक ड्रिल

फरीदाबाद। जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि 31 मई शनिवार को आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज फरीदाबाद जिले में “ऑपरेशन शील्ड” के अंतर्गत एक चिन्हित सैन्य क्षेत्र में व्यापक सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में सैन्य ठिकानों तक राहत एवं बचाव दलों की शीघ्र और सुरक्षित पहुँच सुनिश्चित करना है। डीसी जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित विभागों को पूर्व निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 31 मई को शाम 5 बजे एक चिन्हित सैन्य क्षेत्र में एयर रेड की सूचना के साथ पूरे जिले में सायरन बजाया जाएगा। चिन्हित स्थान पर एयर रेड की सूचना के साथ मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में राहत दलों की तैनाती, रास्तों की निगरानी, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने की कार्यवाही का अभ्यास किया जाएगा। साथ ही, सूचना एवं संचार व्यवस्था की त्वरित सक्रियता और विभागों के मध्य समन्वय को परखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। नागरिक अफवाहों से बचें और केवल सरकारी सूत्रों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी हेल्पलाइन नंबरों और निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यासों में सक्रिय भागीदारी से न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली बेहतर होती है, बल्कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। डीसी विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि एक्सरसाइज के हिस्से के रूप में आज रात्रि 8 से 8:15 बजे तक पूरे जिले में ब्लैकआउट (पूर्ण प्रकाश बंद) रखा गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को युद्धकालीन जैसी आपात स्थिति के प्रति सजग करना है। डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि यह अभ्यास आपकी सुरक्षा के लिए किया जा रहा है।

कृपया रात्रि 8 से 8:15 बजे तक अपने स्तर पर स्वयं ही सभी बाहरी और आंतरिक लाइटें बंद रखें, मोबाइल फ्लैशलाइट या किसी अन्य प्रकार के प्रकाश का उपयोग न करें, और पूरी तरह से सतर्क रहते हुए प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गत माह में जिला प्रशासन द्वारा जिला के सभी पार्षदों, सरपंचो एवं सभी मुख्य हितधारकों को सिविल डिफेन्स के बारे में ग्रामीण स्तर तक प्रशिक्षित किया है। डीसी विक्रम सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट अभ्यास में सक्रिय रूप से भाग लें और प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। यह अभ्यास हमारी सामूहिक सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

You might also like