होमगार्ड को टेंपो ने टक्कर मारी, एक किमी तक गाड़ी के आगे लटकाकर ले गया

फरीदाबाद। एक टेंपो ड्राइवर ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड को गाड़ी के आगे लटका कर लगभग एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और उसका टेंपो भी जब्त कर लिया गया है। ट्रैफिक पुलिस के होमगार्ड गौरव ने पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना 31 मई को दोपहर के समय की है। गौरव ट्रैफिक पुलिस की टीम के साथ बल्लभगढ़ हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

इस दौरान एक छोटा हाथी टेंपो (लाइट कमर्शियल वाहन) सोहना टी पॉइंट के पास आता हुआ दिखाई दिया, जिसका डाला (बैक साइड का गेट) खुला हुआ था। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन देख टीम ने ड्राइवर को रुकने का इशारा किया। जब वाहन को रोका गया और कागजात दिखाने को कहा गया, तो ड्राइवर ने अचानक गाड़ी स्टार्ट कर दी और तेजी से चला दी। उसी दौरान टेंपो ने होमगार्ड गौरव को टक्कर मार दी, जिससे वह गाड़ी के अगले हिस्से में फंस गए और लटकते हुए करीब 1 किलोमीटर तक घसीटते चले गए। यह बेहद खतरनाक और जानलेवा स्थिति थी, लेकिन गनीमत रही कि गौरव को समय रहते बचा लिया गया।

इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही थाना शहर बल्लभगढ़ में आरोपी ड्राइवर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कुंदन, निवासी गांव तहदिया, थाना बड़हिया, बिहार (वर्तमान में तिरखा कॉलोनी, बल्लभगढ़ में रह रहा था) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका टेंपो भी जब्त कर लिया है।

You might also like