मोदी जी ने वैश्विक मानचित्र पर भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में किया स्थापित : कृष्णपाल गुर्जर
‘संकल्प से सिद्धि’ लोकसभा कार्यशाला में केंद्र सरकार के 11 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों को बताया
फरीदाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 गौरवशाली वर्षों की अद्वितीय उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने इस कालखंड को सुशासन, जनकल्याण, और राष्ट्र गौरव की अभूतपूर्व यात्रा बताया। गुरुवार को भाजपा जिला फरीदाबाद कार्यालय पर आयोजित ‘संकल्प से सिद्धि’ लोकसभा कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ सरमा, पर्यावरण मंत्री राव नरवीर सिंह, हरियाणा के राजस्व मंत्री विपुल गोयल, खाद्य मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम की प्रदेश सह संयोजिका पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ के जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, पलवल के जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अदलखा, हरेंद्र राम रतन, सतीश फागना, मेयर प्रवीण जोशी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़ आदि मुख्य तौर पर उपस्थित रहे ।
श्री गुर्जर ने कहा कि 2014 में भारत 10वीं अर्थव्यवस्था था, आज हम जापान को पीछे छोडक़र चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच और कर्तव्यनिष्ठ कर्मयोग ने भारत को वैश्विक मानचित्र पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। मोदी जी ने सिर्फ शासन नहीं किया, उन्होंने हर नागरिक में राष्ट्र के लिए सोचने और कुछ करने की प्रेरणा दी है। मोदी सरकार के गवर्नेंस मॉडल ने भारत में ट्रांसपेरेंसी, टेक्नोलॉजी, और ट्रस्ट की त्रिवेणी स्थापित की है। डीबीटी से 3.80 लाख करोड़ से अधिक की बचत, डिजिटल इंडिया, और भ्रष्टाचार पर सख्त प्रहार मोदी युग की विशेषताएं हैं। 11 वर्षों में जन कल्याण के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, 4 करोड़ से अधिक पक्के घर, 15 करोड़ घरों में नल से जल, 12 करोड़ से अधिक शौचालय, 10 करोड़ से अधिक उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मेडिकल बीमा उपलब्ध कराया गया। श्री गुर्जर ने कहा कि मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर जैसे मिशनों ने देश की सुरक्षा को अभेद्य बनाया।
यह भी पढ़ें
रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया के तहत ब्रह्मोस, आकाश, तेजस जैसे हथियार अब भारत में बन रहे हैं और निर्यात हो रहे हैं। 14 से अधिक देशों ने मोदी जी को सर्वोच्च सम्मान दिया, भारत ने रूस से तेल भारतीय करेंसी में खरीदा, चंद्रयान-3 की सफलता ने भारत को स्पेस टेक्नोलॉजी में शीर्ष पर पहुँचाया। श्री गुर्जर ने कहा कि मोदी युग भारत के वैश्विक नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का युग है। आने वाला समय मोदी जी के 50 वर्षीय विजऩ को साकार करने का है।
विकसित भारत संकल्प में हर नागरिक को भागीदार बनना है। हरियाणा सरकार में पर्यावरण मंत्री राव नरवीर सिंह ने कार्यशाला में राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा आज पारदर्शी शासन, योग्यता आधारित रोजगार, और जनकल्याण की योजनाओं में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि यह सब संभव हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी और नायब सिंह सैनी की के दूरदर्शी नेतृत्व में। हरियाणा में नौकरियाँ बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के दी जा रही हैं। पहले की सरकारों में योग्य छात्र भ्रष्टाचार और सिफारिश के कारण पीछे रह जाते थे, लेकिन आज मेरिट के आधार पर भर्ती हो रही है। इसका श्रेय उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी को दिया।
ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी से पारदर्शिता आई है। स्वामित्व योजना के तहत जनता को संपत्ति का मालिकाना हक मिला है। लाल डोरा क्षेत्र खत्म किया, 20 साल पुराने कब्जे वाली संपत्तियों की 2004 के कलेक्टर रेट पर मालिकाना हक़ मिला है। संगठन महामन्त्री फणीन्द्र नाथ सरमा, राष्ट्रीय परिषद् सदस्य संदीप जोशी और जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने भी कार्यशाला को संबोधित किया । कार्यशाला में पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, दीपक मंगला, जगदीश नायर, सत्यप्रकाश जरावता, प्रवीण डागर, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, चरण सिंह तेवतिया, राजकुमार वोहरा, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, पूर्व महापौर सुमन बाला, हुकम सिंह भाटी, जिला महामंत्री मनोज वशिष्ठ, सुरेंद्र जांगड़ा, पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, आरएन सिंह, जवाहर सौरोत, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।