फरीदाबाद। फरीदाबाद जिले में कोरोना संक्रमण एक बार फिर पांव पसारने लगा है। तीन और नए मामले सामने आने के बाद अब संक्रमितों की संख्या 52 पहुंच गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि 24 मरीज अब तक स्वस्थ्य भी हो चुके है। ताजा मामलों में सेक्टर-45 से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पुरुष, बल्लभगढ़ क्षेत्र से 53 वर्षीय महिला और जवाहर कॉलोनी से 30 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। अब तक 24 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं।
इन मरीजों को खांसी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षण महसूस हुए, जिसके बाद इन्होंने निजी अस्पताल में जाकर अपनी कोरोना जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में होम आइसोलेशन पर रखा है।
यह भी पढ़ें
साथ ही इन मरीजों के परिजनों की भी कोरोना जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तीनों मरीजों में कोरोना का ओमिक्रोन वेरिएंट पाया गया है, जो हल्के लक्षण पैदा करता है। इस कारण किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त बीके अस्पताल में खांसी, जुकाम और सामान्य बुखार से पीडि़त मरीजों के लिए कोरोना जांच की व्यवस्था की गई है।
इसके लिए अस्पताल परिसर में एक अलग से फ्लू सेंटर भी बनाया गया है, जहां लोग डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद कोरोना जांच करा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना के लक्षण नजर आने पर तुरंत जांच कराएं और कोविड से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों जैसे मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंसिंग और नियमित हाथ धोना आदि का पालन करें। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हर संदिग्ध मरीज की जांच कराई जा रही है।
