एनआईटी विधानसभा पार्षदों के साथ निगम कमिश्नर ने की बैठक

- पार्कों और तालाबों की स्थिति को सुधारने के दिए निर्देश

फरीदाबाद। निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने आज एनआईटी विधानसभा के पार्षदों के साथ निगम मुख्यालय में बैठक के दौरान पार्षदों की समस्याओं को सुनने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एनआईटी विधानसभा में पीने के पानी की समस्याओं को दूर करने के लिए कार्य करें, गर्मी का मौसम है और पानी की खपत भी ज्यादा है। इसके अलावा उन्होंने पार्षदों को आश्वासन दिया कि सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जायेगा।

निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने अपने इलाके में खराब पार्कों को एनकैप स्कीम के अंदर सुंदर बनवा सकते हैं। जिससे आमजन को पार्कों में अच्छा माहौल मिल सके। निगम कमिश्नर ने एनआईटी विधानसभा के पार्षदों के साथ बैठक में उनकी समस्याओं को सुना और भविष्य के अंदर निगम क्षेत्र में नए एसटीपी प्लांट के साथ साथ सीटीपी प्लांट की जगह तलाशने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं ताकि शहर को भविष्य में ट्रीटेड पानी मिल सके ।

उन्होंने पार्षदों को अवगत कराया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश भर में चल रही योजनाओं का लाभ नागरिकों को मिल सके उसी दिशा में तालाबों का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं ताकि जहां जरूरत हो वहां पर तालाबों में आने वाले नालियों के गंदे पानी को एसटीपी लगाकर ट्रीट करने के बाद तालाबों में डाला जाए और तालाबों के चारों तरफ ग्रीन एरिया और लोगों के घूमने के लिए ट्रैक बनवा सके। उन्होंने एनआईटी विधानसभा के पार्षदों को भी आश्वासन दिया है कि निगम प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी जनप्रतिनिधियों के साथ सहयोग करते हुए कार्य करेंगे ताकि आमजन को किसी भी कार्य में परेशानी ना आए और हरियाणा सरकार की योजनाओं  का लाभ मिल सके।

एनआईटी विधानसभा के सभी पार्षदों ने लिखित रूप में अपने अधूरे पड़े कार्यों एवं नए कार्यों के लिस्ट भी नगर निगम कमिश्नर को जमा कराई ताकि सभी कार्यों पर अधिकारियों से समीक्षा की जा सके और कार्यों को तेज गति से बढ़ा सकें। बैठक में वार्ड 1,वार्ड 2, वार्ड 5,वार्ड 6 ,वार्ड 7,वार्ड 8, वार्ड 9,वार्ड 10,वार्ड 11 के पार्षद मौजूद रहे।

You might also like