संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
फरीदाबाद। गांधी कॉलोनी के पास एक पार्क में शुक्रवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान सुमित कुमार पुत्र विनय ठाकुर के मधुबनी बिहार के रूप में हुई है। वह फिलहाल फरीदाबाद की भगत सिंह कॉलोनी में रहकर अमेजन में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुबह पार्क में टहल रहे स्थानीय लोगों ने युवक के शव को पेड़ की टहनी से रस्सी के सहारे लटका देखा, उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर एनआईटी थाना पुलिस और फोरेंसिक (एफएसएल) टीम पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का एक बैग बरामद किया, जिसमें कपड़े थे। लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि सुमित पिछले एक महीने से अपने परिवार से अलग रह रहा था।
यह भी पढ़ें
वह अमेजन के ऑनलाइन सामानों की डिलीवरी करता था। थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या का मामला लग रहा है, फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। वहीं मृतक के पिता विनय ठाकुर ने बेटे की मौत पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा कि सुमित मानसिक रूप से मजबूत था और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता।
उन्होंने आशंका जताई कि सुमित की किसी ने हत्या कर उसे पेड़ से लटकाया है। उन्होंने पुलिस से स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास से कोई भी मोबाइल भी नहीं मिला और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
