फरीदाबाद में ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता-अभियान’ का शुभारंभ

- 90 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान के तहत चयनित मामलों का होगा निपटारा

फरीदाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) और उच्चतम न्यायालय की मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति के निर्देशानुसार पूरे देश में एक साथ शुरू हुआ है। इस अभियान का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया में लंबित मामलों को आपसी समझौते और संवाद के माध्यम से सुलझाकर न्याय को त्वरित, सुलभ और प्रभावी बनाना है। यह अभियान 90 दिनों तक चलेगा, जिसमें विशेष रूप से मध्यस्थता योग्य मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी।

शुभारंभ अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रितु यादव ने कहा कि यह अभियान न्याय प्रणाली को जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल है। हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से निपटाया जाए, ताकि जनता को शीघ्र न्याय मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत वैवाहिक और पारिवारिक विवाद, संपत्ति बंटवारा, मोटर दुर्घटना मुआवजा दावे, चेक बाउंस (धारा 138), किराया विवाद, पेंशन व सेवा लाभ, उपभोक्ता विवाद आदि मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इन मामलों की पहचान न्यायालयों द्वारा की जाएगी। पक्षकारों को सहमति के लिए प्रेरित किया जाएगा और फिर प्रशिक्षित मध्यस्थों की देखरेख में समाधान की प्रक्रिया चलाई जाएगी। सहमति से हुआ समझौता न्यायालय द्वारा विधिक मान्यता प्राप्त करेगा। इस कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, पैनल वकील, मान्यता प्राप्त मध्यस्थ व पक्षकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सभी ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इससे न्यायिक प्रणाली पर बोझ कम होगा और आमजन को समय पर न्याय प्राप्त हो सकेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद ने आश्वस्त किया है कि अभियान को पूरी संजीदगी से चलाया जाएगा और अधिकतम मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

You might also like