खजानी इंस्टीट्यूट में हरियाली तीज की धूम: झूले झूलकर, गीतों की गूंज के साथ मनाया उत्सव, परंपरा

फरीदाबाद। एनआईटी स्थित खजानी वूमेन्स वोकेशनल इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को हरियाली तीज का पर्व पारंपरिक और उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान की छात्राएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी नजर आईं और सावन व तीज के लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया। साथ ही एक-दूसरे को झूला झुलाकर इस त्यौहार की परंपरा को जीवंत किया। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें छात्राओं ने सावन से जुड़े गीतों पर रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। पूरे परिसर को हरे रंग की थीम से सजाया गया था, जो पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रतीक इस पर्व की सार्थकता को दर्शा रहा था।

इस मौके पर संस्थान के डायरेक्टर संजय चौधरी ने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीज का पर्व प्रकृति की हरियाली और महिलाओं की खुशियों से जुड़ा हुआ है। यह त्यौहार न केवल ऋतु परिवर्तन का संकेत देता है, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं की गहराई को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज को सभी त्योहारों की शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है और यह महिलाओं के लिए सौभाग्य, प्रेम और समर्पण का पर्व है।

संजय चौधरी ने कहा कि भारत त्योहारों का देश है, जहां हर मौसम अपने साथ कई रंग-बिरंगे पर्व लेकर आता है। सावन का महीना तो विशेष रूप से महिलाओं के लिए खास होता है, जिसमें तीज एक महत्वपूर्ण त्योहार है। उन्होंने छात्राओं को अपने सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखने और उनमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया और सभी ने सामूहिक रूप से हरियाली तीज के पारंपरिक झूले का आनंद लिया। पूरा माहौल उमंग, उत्साह और खुशियों से सराबोर रहा।

You might also like