राज्य का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र रहा फरीदाबाद, 1.68 लाख में से 91 फीसदी रही उपस्थिती
- सीईटी-2025 परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न, टेंशन फ्री परीक्षार्थियों में दिखा उत्साह-आत्मविश्वास
फरीदाबाद। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित सीईटी-2025 परीक्षा के दूसरे दिन भी फरीदाबाद जिला में दो पालियों में परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। जिला भर के लगभग 163 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई, जिसमें किसी भी प्रकार की असुविधा की सूचना नहीं मिली। आज रविवार को आयोजित पहली पारी की परीक्षा में लगभग 91.42 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। प्रातःकालीन पाली में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य भूपेंद्र सिंह व उपायुक्त विक्रम सिंह ने निरीक्षण दौरा किया। इस निरीक्षण की शुरुआत सेक्टर-09 स्थित सेंट एंथनी स्कूल से की गई। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर संतोष जताया। एचएसएससी सदस्य भूपेंद्र सिंह ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी केंद्र पर कोई अव्यवस्था नहीं पाई गई। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद प्रशासन की यह तत्परता और समर्पण परीक्षा की पारदर्शिता व विश्वसनीयता को मजबूत करता है। ऐसी ही व्यवस्थाएं राज्य के शिक्षा और भर्ती ढांचे को मजबूती प्रदान करेंगी।
यह भी पढ़ें
उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि फरीदाबाद में हरियाणा के अन्य जिलों गुरुग्राम, झज्जर, नूंह, पलवल और रोहतक से भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचे हैं, जिससे यह जिला राज्य में सर्वाधिक परीक्षार्थियों वाला केंद्र बन गया है। जिला प्रशासन द्वारा बस परिवहन, ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, और शटल सेवा जैसे सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशन में परीक्षार्थियों और अभिभावकों के लिए निशुल्क रोडवेज बस सेवा भी उपलब्ध करवाई गई है, जिससे उन्हें अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हुई। साथ ही, हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से भी छात्रों को निरंतर सहायता प्रदान की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान डीसी विक्रम सिंह ने सेक्टर-09 स्थित डीसी मॉडल स्कूल और डिवाइन पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से संवाद कर फीडबैक लिया। परीक्षा के दोनों दिनों में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे कई अभ्यर्थियों ने हाथ उठाकर प्रशासन की पहल का स्वागत किया और इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया। अभ्यर्थियों ने कहा कि इस बार न बसों की छत पर चढ़ना पड़ा और न ही किसी प्रकार की अफरा-तफरी या असुविधा का सामना करना पड़ा। प्रशासन द्वारा की गई पुख्ता परिवहन व्यवस्था के चलते वे बड़े आराम और समय से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे और शांतिपूर्वक परीक्षा दी।
