लायंस क्लब फरीदाबाद कियान के तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
फरीदाबाद : लायंस क्लब फरीदाबाद कियान के तत्वावधान में मेट्रो सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल सेक्टर 16 तथा आरडब्ल्यूए सेक्टर 21 डी के सहयोग से आज यहां स्थानीय सेक्टर 21 डी के सामुदायिक भवन में एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। नगर निगम के वार्ड नंबर 19 के पूर्व पार्षद एवं वर्तमान पार्षद शोभा चंदीला के पति सतीश चंदीला ने बतौर मुख्य अतिथि रिबन काट कर इस शिविर का उद्घाटन किया। मेट्रो हॉस्पिटल की ओर से आए लगभग आधा दर्जन डॉक्टरों की टीम ने क्षेत्र के करीब 150 लोगों की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की, जिनमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बीएमडी, पीएफटी, इसीजी के अलावा गर्भवती महिलाओं की गायऩोकोलोजी इत्यादि से जुड़े स्वास्थ्य परीक्षण शामिल थे।
यह भी पढ़ें
मेट्रो हॉस्पिटल के उपनिदेशक एवं क्लब के वरिष्ठ सदस्य डॉ. मनजिंदर सिंह भट्टी ने चिकित्सक मंडल का कुशल मार्गदर्शन किया। शिविर के आयोजन में क्लब के प्रधान लायन आर पी हंस, पूर्व जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी एवं हरियाणा मीडिया वैलफेयर क्लब के मीडिया कोऑर्डिनेटर तिलक बिधूड़ी तथा क्लब के प्रोजैक्ट चेयरमैन लायन संतोष कुमार ने विशेष भूमिका निभाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सतीश चंदीला ने कहा कि इस प्रकार के निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से स्थानीय जरूरतमंद लोगों विशेषकर बुजुर्गों को कई प्रकार की महंगी स्वास्थ्य जांचों की निशुल्क सुविधा प्रदान करना अत्यंत सराहनीय कार्य है।
लायंस क्लब फरीदाबाद कियान के प्रधान आर पी हंस ने मुख्य अतिथि सतीश चंदीला का स्वागत व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी क्लब द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों के अलावा रक्तदान शिविर जैसे जनहित से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी समय-समय पर किया जाता रहता है। आरडबल्यूए सेक्टर 21डी के प्रधान संजय शुक्ला ने भी मुख्य अतिथि सतीश चंदीला का स्वागत व्यक्त करते हुए उन्हें बताया कि जनहित से जुड़े इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन में उनकी तरफ से समाजसेवी संस्थाओं को हमेशा भरपूर सहयोग दिया जाता है। इस अवसर पर आरडब्ल्यूए सेक्टर 21डी के महासचिव जे पी मावी, तिलक बिधूड़ी, श्यामवीर भड़ाना, फूलसिंह एडवोकेट, अर्जुन सिंह तोमर तथा राकेश बिधूड़ी सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
