बाइक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर में 14 वर्षीय किशोर की मौत
बल्लभगढ़। डीग-पहलादपुर रोड पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पहलादपुर गांव निवासी जतिन के रूप में हुई है। जतिन अपने मामा सतबीर के साथ बाइक से गांव लौट रहा था, तभी एक लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे में जतिन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके मामा घायल हो गए।
यह भी पढ़ें
सदर थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जतिन अपने मामा सतबीर के साथ डीग गांव गया हुआ था। देर रात करीब 9 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे डीग और पहलादपुर गांव के बीच पहुंचे, उसी दौरान खेतों की ओर से पेड़ों की टहनियों से भरा एक ट्रैक्टर अचानक बिना किसी संकेत या चेतावनी के सड़क पर आ गया। बाइक चला रहे सतबीर ट्रैक्टर को समय पर नहीं देख सके और बाइक ट्रॉली से सीधे जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि जतिन का सिर ट्रॉली से जोर से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सतबीर को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उन्होंने हेलमेट पहन रखा था जिससे उनकी जान बच गई।
परिजनों के अनुसार जतिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता की पहले ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। वह अपनी मां के साथ अपने मामा के गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था और हाल ही में 9वीं कक्षा पास की थी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर और उसका चालक गांव का ही निवासी है। फिलहाल पुलिस चालक की पहचान और कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।
