सरकारी दफ्तर में प्राइवेट लोगों का बोलबाला तहसील में खुलेआम वसूली !
- पार्षद प्रत्याशी से की गाली-गलौज और बदतमीजी
बल्लभगढ़। बल्लभगढ़ एसडीएम कार्यालय में इन दिनों सरकारी कामकाज की आड़ में प्राइवेट लोगों का दखल दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। खासकर पटवारी धर्मवीर के इर्द-गिर्द कुछ निजी व्यक्ति न केवल दफ्तर में बैठकर लोगों से पैसों की मांग कर रहे हैं, बल्कि सरकारी दस्तावेजों में छेड़छाड़ करने से भी नहीं हिचकिचा रहे। पैसे न देने पर लोगों को गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसी ही एक घटना का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल है।
हाल ही में सामने आए मामले में वार्ड-41 से पार्षद का चुनाव लड़ चुके विनोद गोस्वामी अपने प्लॉट के नामांतरण (म्यूटेशन) के लिए कई दिनों से तहसील के चक्कर काट रहे थे। लेकिन पटवारी धर्मवीर बार-बार उन्हें किसी प्राइवेट व्यक्ति के पास भेजते रहे। जब विनोद गोस्वामी ने विरोध जताया और अपने फाइल के लंबित होने पर जल्द कार्रवाई की मांग की, तो वहां मौजूद प्राइवेट व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें
घटना तहसील परिसर में हुई, जिससे वहां का माहौल काफी गरमा गया। विनोद गोस्वामी ने तीखा सवाल उठाया कि आखिर सरकारी कार्यालय में प्राइवेट लोगों का क्या काम? उन्होंने कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।
विनोद गोस्वामी ने तुरंत एसडीएम मयंक भारद्वाज से मिलकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई और मांग की कि ऐसे प्राइवेट लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि पटवारी खुद अपना काम न कर, प्राइवेट व्यक्ति से काम करवा रहा है और वह खुलेआम लोगों से पैसे ले रहा है।
इस पर एसडीएम मयंक भारद्वाज ने कहा कि हमें शिकायत प्राप्त हुई है और हमने तहसीलदार को आदेश दे दिए हैं कि तहसील परिसर में अब कोई भी प्राइवेट व्यक्ति काम नहीं करेगा। बदतमीजी की शिकायत पर भी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
