रक्षाबंधन पर पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदला, साले ने जीजा की गाड़ी पर फायरिंग की फिर मारी टक्कर
-आरोपी साले की गाड़ी डिवाइडर से टकराकर हुई क्षतिग्रस्त -फरीदाबाद के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई घटना
फरीदाबाद। रक्षाबंधन के पावन त्योहार के बीच दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। साले ने जीजा की थार गाड़ी पर फायरिंग की और पीछा करते हुए पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आरोपी की हैरियर गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई और दोनों के बीच सड़क पर हाथापाई भी हुई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।
ओल्ड फरीदाबाद के ठाकुरवाड़ा निवासी पंकज ने बताया कि वे गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे दोस्तों के साथ अपनी थार गाड़ी में घर लौट रहे थे। जब वे सेक्टर-17 बाईपास से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चढ़े, तभी एक हैरियर गाड़ी उनका पीछा करने लगी। हैरियर गाड़ी सन्नी चला रहा था, जो पंकज की पत्नी की मौसी का बेटा है। सन्नी ने गाड़ी के अंदर से फायरिंग की, जिससे पंकज ने अपनी गाड़ी तेज कर बचने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें
पंकज ने बताया कि सन्नी ने बाद में अपनी हैरियर गाड़ी से थार को पीछे से टक्कर मारी, जिससे थार का साइड हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर लगने के बाद सन्नी की हैरियर गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। गाड़ी से उतरने पर सन्नी ने पंकज पर पिस्टल तानी, लेकिन गोली नहीं चली।
इसके बाद सड़क पर दोनों के बीच हाथापाई हुई और सन्नी वहां से भाग गया। पंकज ने कहा कि उनकी पत्नी पिछले चार महीने से मायके में है और मायके वाले जबरन तलाक के लिए दबाव बना रहे हैं। वे एक करोड़ रुपए की मांग के साथ-साथ पंकज की आधी प्रॉपर्टी भी चाहते हैं। पंकज ने तलाक देने से साफ इनकार किया है, जिसके कारण पत्नी के मायके वाले, खासकर मौसा बालकिशन और उसका बेटा सन्नी, पंकज को धमका रहे हैं।
घटना की सूचना पर सेक्टर-17 थाना पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को क्रेन से हटाया गया और कुछ देर के लिए ट्रैफिक बाधित रहा। थाना प्रभारी कुलदीप के अनुसार, शिकायत मिल गई है और मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
