7 लाख रुपये के विवाद ने बदला रंग, पत्नी-बेटे ने मिलकर की हत्या, एसएमएस से खुला खौफनाक राज !

फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-75 की टेरा सोसायटी में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा आज पुलिस ने किया है। 7 लाख रुपये के विवाद को लेकर महिला संगीता ने अपने बेटे साहिल (22) के साथ मिलकर अपने पति हरवीर की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को फ्लैट खाली करने के बहाने सामान के साथ बोरे में भरकर सोसायटी से बाहर निकाला और सूरजकुंड के पास अरावली के जंगलों में फेंक दिया। यह मामला इलाके में तहलका मचा गया है।
पुलिस को हरवीर की हत्या का पता तब चला जब वह 10 जुलाई से अचानक लापता हो गया था।

मृतक के भाई कुलवीर सिंह मलिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हरवीर की पत्नी और बेटे ने पहले कहा था कि वह नेपाल घूमने गया है, लेकिन लंबे समय तक फोन न लगने पर उनकी बातों पर संदेह हुआ। कुलवीर ने बताया कि हरवीर कभी भी इतने दिनों तक फोन बंद नहीं रखता था, इसीलिए उसने पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस की कड़ी जांच में खुलासा हुआ कि हरवीर ने अपने फ्लैट में करीब 7 लाख रुपये रखे थे। लेकिन संगीता और साहिल ने उन पैसों को अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दिया था। जब हरवीर को इसका पता चला, तो उसने दोनों से जमकर विवाद किया। इसके बाद पत्नी और बेटे ने मिलकर उसकी हत्या करने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की रात हरवीर अपने कमरे में अकेले सो रहा था।

संगीता ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन हरवीर ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद साहिल ने पीछे की खिड़की से अंदर घुसकर एक भारी सामान से अपने पिता के सिर पर वार किया। वार के कारण हरवीर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को पॉलिथीन में लपेटकर बोरे में भर दिया। हत्या के बाद दोनों ने फ्लैट खाली करने का बहाना बनाकर शव को सोसायटी से बाहर निकाला और सूरजकुंड के पास अरावली के जंगलों में फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने घरवालों और परिजनों को बताया कि हरवीर नेपाल चला गया है।

लेकिन 5 दिन बाद हरवीर के नंबर से एक संदिग्ध मैसेज आया कि एक अनहोनी हो गई है, हरवीर वापस नहीं आएगा। इस मैसेज से कुलवीर का शक और बढ़ गया। पुलिस ने संगीता और साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साहिल बीबीए की पढ़ाई कर रहा है और निजी संस्थान से जुड़ा है।

You might also like