फरीदाबाद में ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान की हुई शुरुआत

- लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता को जागरूक करेगी कांग्रेस: निशित कटारिया

फरीदाबाद। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। यह अभियान भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शुरू किया गया है, जो अब पूंजीपतियों की सरकार बन चुकी है।
सेक्टर-10 स्थित यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास दायमा के कार्यालय से इस अभियान की शुरुआत करते हुए कटारिया ने कहा कि यह अभियान हरियाणा ही नहीं, बल्कि देशभर में चुनावी पारदर्शिता और लोकतंत्र की मजबूती के लिए चलाया जाएगा। श्री कटारिया ने कहा कि मंडल स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई जा रही है और उनका बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन क्षेत्रों में फर्जी वोट डाले गए हैं या बनवाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जन आंदोलन का रूप देगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता को जागरूक करेगी। बिहार चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर निशित कटारिया ने कहा कि इस कैंपेन का असर सिर्फ हरियाणा तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि देशभर के चुनावों में इसकी गूंज सुनाई देगी। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान से विपक्ष की आवाज और मजबूत होगी और जनता को यह समझाने में मदद मिलेगी कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता कितनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विपक्षियों ने केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए ऐसे आरोप लगाए थे, जिनका कोई आधार नहीं है। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तरुण तेवतिया, रोहित नागर, विधान प्रताप, सागर कौशिक, परवीन भडाना, दिनेश नागर, पंकज सिंह, मोहित शर्मा, केशव यादव और यश तंवर भी मौजूद रहे।

You might also like