फरीदाबाद। जिला पलवल के गांव मुनीरगढ़ी से ताल्लुक रखने वाले युवा निशानेबाज कपिल बैंसला को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सेक्टर-28 स्थित अपने कार्यालय में सम्मानित किया। कपिल ने हाल ही में कजाकिस्तान में आयोजित 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाकर जिले और देश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर मंत्री ने उन्हें शाल ओढ़ाकर मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर कपिल के कोच विकास डागर भी मौजूद थे।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा देने में कोई कमी नहीं छोड़ रही हैं।
यह भी पढ़ें
प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, स्कॉलरशिप और प्रोत्साहन योजनाएं मिल रही हैं, जिससे युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता मिल रही है। मंत्री ने कपिल बैंसला को इन योजनाओं का जीवंत उदाहरण बताया और कहा कि ऐसे युवा देश का गौरव हैं जो खेलो इंडिया अभियान को मजबूती देते हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि ये अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती भी देते हैं। कपिल बैंसला जैसे खिलाड़ी हमारे युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर संभव सहयोग दे रही हैं ताकि खिलाड़ी ओलंपिक और विश्व स्तर पर भी भारत का नाम चमका सकें।
मंत्री कृष्ण पाल ने कपिल के दादा स्वामी बैंसला की भी तारीफ की, जिन्होंने बचपन से ही कपिल को खेलों की दिशा में प्रोत्साहित किया और लक्ष्य प्राप्ति का जज्बा बढ़ाया। मंत्री ने कहा कि परिवार, कोच और समाज का सहयोग किसी खिलाड़ी की सफलता में अहम भूमिका निभाता है। इस कार्यक्रम में कपिल के परिवार के सदस्य, कोच विकास डागर, मुनीर गढ़ी के ग्राम प्रधान प्रकाश, धरम सिंह, प्रवीण पोसवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
