दयालपुर की उप तहसील में सीएम फ्लाइंग की रेड, अनुपस्थित मिले कर्मचारी, लंबित मिले 757 इंतकाल

फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते (सीएम फ्लाइंग) ने गुरुवार सुबह उप तहसील दयालपुर में औचक निरीक्षण किया। शिकायत मिली थी कि दफ्तर के कर्मचारी समय पर नहीं आते और आमजन के कार्यों में अनावश्यक देरी की जाती है। इस पर कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार गोंछी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतवीर सिंह के नेतृत्व में टीम सुबह 9 बजे कार्यालय पहुंची।

निरीक्षण के दौरान उप तहसील में नियुक्त 9 कर्मचारियों में से केवल 6 ही उपस्थित पाए गए। गौरव (लिपिक) बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिला और काफी देर से कार्यालय पहुँचा। धीरपाल (पटवारी) न्यायालय में कार्यरत मिले, जबकि हल्का पटवारी मनोज कुमार बाढ़ प्रभावित चांदपुर क्षेत्र में किसानों को फसल क्षतिपूर्ति हेतु आवेदन प्रक्रिया समझाते मिले। नायब तहसीलदार जीवन दास बाढ़ क्षेत्र से लौटकर 9:30 बजे कार्यालय पहुँचे।

निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों की जांच में कई खामियां सामने आईं। बीते 2-3 महीनों में दर्ज वासिकाएं अव्यवस्थित पाई गईं। 9 सितंबर 2025 की चार वासिकाएं बिना हस्ताक्षर के मिलीं। इसके अलावा 6 जनवरी 2021 से 9 सितंबर 2025 तक कुल 757 इंतकाल लंबित पाए गए, जो अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हैं। इसके अतिरिक्त, कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले। टीम ने मौके पर सभी खामियों को दस्तावेजों में दर्ज किया और पूरे निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेज दी है। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर सख्त रवैया अपनाया।

You might also like