ट्रक ने मारी ट्राली को टक्कर: ड्राइवर को आई नींद की झपकी, पलवल से दिल्ली जा रहा था, कोई हताहत नहीं

बल्लभगढ़। दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक सामने चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। घटना सुबह करीब 5:15 बजे सेक्टर-3 क्षेत्र के पास हुई। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चमत्कारिक रूप से कोई जनहानि नहीं हुई।
सेक्टर-3 पुलिस चौकी से मौके पर पहुंचे सिपाही जोगिंदर कुमार ने बताया कि ट्रक चालक कुलदीप, जो कि पलवल से दिल्ली की ओर खाली ट्रक लेकर जा रहा था, को अचानक नींद की झपकी आ गई। इसी दौरान सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसका ट्रक जा भिड़ा। ट्रॉली में ईंट भरी थीं और वह फरीदाबाद की दिशा में जा रही थी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, लेकिन चालक कुलदीप ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ट्रैक्टर चालक सुरक्षित रहा और कुछ देर बाद ट्रॉली लेकर मौके से चला गया। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस ने एक्सप्रेस-वे में तैनात कर्मचारियों की मदद से ट्रक को किनारे कराया, जिससे यातायात बाधित न हो। बाद में क्रेन की सहायता से ट्रक को हाईवे से हटाया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय ट्रक में कोई माल लदा नहीं था, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर नहीं हुई। पुलिस ने ट्रक चालक को प्राथमिक पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया।

You might also like