कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ दे जवाब : कुमारी सैलजा
बाढ़ पीडि़तों को सरकार सर्वे करवाकर दे उचित मुआवजा, बेघर को बसाने का काम करे जिला प्रशासन
फरीदाबाद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा है कि भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, आज किसान, मजदूर, कामगार, पिछड़ा, दलित हर वर्ग भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से दुखी है, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए इस गूंगी बहरी भाजपा सरकार को नींद से जगाने का काम करें और इसका दोहरा चेहरा जनता के समक्ष उजागर करे ताकि आने वाले समय में इस जनविरोधी सरकार को देश व प्रदेश से उखाडक़र फैंका जा सके। कुमारी सैलजा शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के अध्यक्ष बलजीत कौशिक के सेक्टर-9 स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थी। इससे पहले उन्होंने पूर्व विधायक आनंद कौशिक से मुलाकात कर कुशलक्षेम जानकर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इसके उपरांत कुमारी सैलजा बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल के सेक्टर-64 स्थित कांग्रेस कार्यालय पर पहुंचीं, जहां क्षेत्र के मौजिज लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। फरीदाबाद जिला कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कुमारी सैलजा का शॉल ओढ़ाकर तथा बुक्के व मैमोंट भेंट कर स्वागत किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि पंजाब की तरह हरियाणा में भी बाढ़ ने फसलों और लोगों के आशियानों को उजाड़ दिया है, सैकड़ों लोग इस बाढ़ की चपेट में आकर आज सडक़ पर आकर जीवन यापन कर रहे है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सरकार द्वारा बाढ़ पीडि़तों को राहत देने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए गए और जो कदम उठाए वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उन्होंने कहा कि फसलों के नुकसान को लेकर भाजपा सरकार ने जो पोर्टल शुरु किया है, उसमें कई प्रकार की खामियां है, जिसके चलते किसानों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा, इसलिए सरकार जमीनी स्तर पर अधिकारियों से सर्वे करवाकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दे और जो लोग इस प्राकृतिक आपदा में बेघर हुए है, उन्हें पुन: बसाने का काम करे।
यह भी पढ़ें
उन्होंने आज फरीदाबाद की स्मार्ट सिटी की चर्चा करते हुए कहा कि कभी एशिया के मानचित्र पर चमकने वाला शहर आज कूड़ा व नरक सिटी बनकर रह गई है, शहर में चारों ओर कूड़े के ढेर पड़े हुए है और नेशनल हाईवे के दोनों ओर भी गंदगी का ही आलम बना हुआ है, पिछले दिनों हुई बरसात में तो हालात इतने बदत्तर हो गए थे कि लोगों को फ्लाईओवर पार करने में दो-दो घण्टे का समय लग गया था। उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार व प्रशासन ने समय रहते शहर की सीवरेज व ड्रेनेज की सफाई क्यों नहीं की, अगर प्रशासन उचित कदम उठाता तो लोगों को बरसात में इतनी परेशानियों का सामना ना करना पड़ता। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की पोल खोलते हुए कहा कि यह अभियान बरसों से चलाया जा रहा है, परंतु इसके बावजूद फरीदाबाद में साफ-सफाई दूर दूर तक नजर नहीं आती, यह अभियान केवल कागजों तक सिमटा हुआ है। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा धर्म जाति व वोट चोरी के नाम पर देश को बांटने का काम करती है, जबकि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गाे को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
संगठन विस्तार के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में मजबूत संगठन बनाने की कवायद शुरु हो गई है और मजबूत व कर्मठ कार्यकर्ताओं को संगठन मेें जिम्मेवारियां दी जाएगी और फरीदाबाद में भी मेहनतकश कार्यकर्ताओं को संगठन में समायोजित किया जाएगा और सभी को साथ लेकर चलने का काम किया जाएगा। कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश पर हरियाणा के साथ फरीदाबाद में भी पार्टी के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता बलजीत कौशिक जैसे सक्रिय कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गई है और उन्हें भरोसा है कि वह सबको साथ लेकर मजबूत संगठन बनाएंगे और आम जन की आवाज को बुलंद करने का काम करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने उन्हें जिलाध्यक्ष बनाने पर कांग्रेस हाईकमान और कुमारी सैलजा जी का धन्यवाद किया और भरोसा दिलाया कि वह मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाकर सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे और कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे।
इस मौके पर पूर्व जज सुभाष कौशिक एडवोकेट, डा. एस.एल. शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल, संजीव चौधरी एडवोकेट, वंदना चौधरी एडवोकेट, विनोद कौशिक प्रदेश अध्यक्ष विचार विभाग, प्रदेश प्रवक्ता योगेश ढींगरा, पूर्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक चौधरी, सविता चौधरी, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, वेदराम शर्मा, डॉ सौरभ शर्मा, गौरव ढींगरा, अनुज शर्मा, देवेंद्र दीक्षित, सुनीता फागना, विकास फागना, अशोक रावल, बाबूलाल रवि, सुंदर नेताजी, कृपाल वाल्मीकि, आरडी वर्मा, डा. एचपी माहौर, डा. आरके गोयल, योगेश तंवर, जुबैर खान, जवाहर ठाकुर सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।