प्लाट में मिली मुस्लिम युवक की जली लाश, अपहरण कर हत्या का आरोप
फरीदाबाद। फरीदाबाद में एक मुस्लिम युवक की खाली प्लाट में जली हुई लाश मिलने का मामला प्रकाश में आया है। युवक 10 दिन से लापता था। वह घर से काम पर जाने के लिए निकला था। इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। उसका शव को एक बच्चे ने देखा, जिसके बाद वह चिल्लाया तो सबको पता चला। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच के बाद लाश पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दी। परिजनों का कहना है कि युवक को किडनैप करने के बाद उसे जिंदा जलाकर हत्या की गई है। मृतक का ढाई महीने का बेटा भी है। उसकी दो साल पहले शादी हुई थी। वहीं पुलिस ने कहा कि हत्या के एंगल से ही पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी असल कारणों का खुलासा होगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एफएसएल टीम को भी जांच के लिए मौके पर बुलाया गया। घटना धौज थाना क्षेत्र के गांव बहराम पट्टी की है।
यह भी पढ़ें
मृतक के भाई इरशाद ने बताया कि 10 सितंबर की सुबह इरफान (32) गांव के ही एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर पाली गांव में ड्यूटी के लिए निकला था। लेकिन उस दिन वह कंपनी पहुंचा ही नहीं और उसी दिन से लापता हो गया। परिवार ने लगातार उसकी तलाश की, कंपनी में भी पूछताछ की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 14 सितंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इरशाद ने बताया कि, 20 सितंबर को गांव के ही एक छोटे बच्चे ने पतंग लूटने के दौरान प्लॉट में जली हुई लाश देखी। उसने गांव वालों को बताया और फिर सूचना पुलिस तक पहुंची। जब पुलिस ने शव की पहचान करवाई तो वह इरफान का ही निकला। इरशाद ने आरोप लगाया कि इरफान को किडनैप किया गया, फिर हत्या कर उसकी लाश को जलाकर गांव में फेंका गया है। उन्होंने कहा कि वारदात में एक नहीं बल्कि 3-4 लोग शामिल हो सकते हैं। वहीं, इरफान की पत्नी खुशबू ने बताया कि 10 सितंबर की सुबह पति घर से खाना खाकर और अपना टिफिन लेकर ड्यूटी के लिए निकले थे।
वह रोजाना गांव के ही एक व्यक्ति की बाइक से कंपनी जाते और शाम को ऑटो से लौटते थे। उसी दिन से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया और तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। मृतक इरफान घर का बड़ा बेटा था। वह ढाई महीने के बेटे का पिता था। पत्नी खुशबू से 2 साल पहले शादी हुई थी। इरशाद ने बताया कि उनका भाई इरफान सुरूरपुर इंडस्ट्री में एक प्राइवेट कंपनी में कप बनाने वाली कंपनी के पैकिंग करने वाले डिपार्टमेंट में काम करता था। जिस व्यक्ति के साथ 10 सितंबर को बाइक पर सवार होकर कंपनी जाने के लिए निकला था, उसने भी परिजनों को बताया कि इरफान रास्ते में ही पाली गांव में उतर गया, फिर कहां गया इसकी जानकारी नहीं है। उसने कहा था कि मुझे यही छोड़ दो। धौज थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई तेजवीर ने बताया कि शव 3 से 4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और जली हुई अवस्था में मिला है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का लगता है। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण और वारदात का समय स्पष्ट हो पाएगा।
