आज के समय की राष्ट्र भक्ति है, स्वदेशी – सतेन्द्र सौरोत
लगभग 1200 विद्यार्थियों और 50 अध्यापकों ने लिया स्वदेशी का संकल्प
फरीदाबाद: स्वदेशी जागरण मंच फरीदाबाद द्वारा आयोजित “स्वदेशी संकल्प यात्रा ” छटे दिन राजकीय आदर्श संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़ पहुंची। यहां इस यात्रा का विद्यालय की प्रधानाचार्य रेनू चौधरी, अध्यापकों तथा विद्यार्थियों ने जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के उत्तर क्षेत्र सहसंयोजक सतेन्द्र सौरोत ने उपस्थित जन समूह से विदेशी वस्तुएं त्यागने और स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की। स्वदेशी का अर्थ ‘मेड इन इंडिया’ नहीं अपितु ‘मेड बाय भारत’ है। इस तरह कोलगेट, पेप्सी, कोका-कोला, लाइफ़बॉय,लिरिल, किनले एक्वाफिना आदि विदेशी कंपनियों के उत्पाद हैं।
उन्होंने कहा कि जितनी स्थानीय उत्पादन की मांग बाजार में होगी उतने ही हमारे लघु उद्योग पनपेंगे और हमारे युवाओं को अधिक रोजगार मिलेगा। उन्होंने सभी को चीनी, तुर्की, अमेरिकी उत्पाद का बहिष्कार कर, स्वदेशी वस्तुएँ खरीदने का संकल्प कराया।
स्वदेशी जागरण मंच के फरीदाबाद विभाग के विचार विभाग प्रमुख अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा ने बताया कि इस स्वदेशी संकल्प यात्रा का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को गांव-गांव, गली-गली तक पहुँचाना है। यह यात्रा हमारे कारीगरों, लघु एवं सूक्ष्म उद्यमों, महिला स्व-सहायता समूहों और स्टार्टअप्स की मेहनत व हुनर को नया बाजार, नया मान और नई ऊर्जा देने के लिए कार्य करेगा। साथ में यह जनसामान्य को स्वदेशी के बारे में जागरूक करेगा।
यह भी पढ़ें
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू चौधरी ने स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए सभी विद्यार्थियों से स्वदेशी उत्पाद का प्रयोग करते हुए अपने देश को आर्थिक रूप से समृद्ध करने की। स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक राहुल डागर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के भारत पर टैरिफ हमले का मुकाबला हम स्वदेशी भाव से दे सकते हैंI हमें शून्य तकनीक की चीनी, अमेरिकी वस्तुओं का सबसे पहले बहिष्कार करना चाहिएI
कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक प्रेमचंद, नानक चंद, देवकी नंदन, सुनील कौशिक, ओमप्रकाश, इंद्रजीत पाराशर, रतन सिंह, उदयवीर हुड्डा, उदयवीर सिंह, मनु स्मृति, सुदेश सांगवान, रजनी तेवतिया, ऋतु देवी, रचना अग्रवाल, मंजू जाखढ आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
स्वदेशी जागरण मंच फरीदाबाद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को स्वदेशी और विदेशी उत्पादों की सूची वाले पत्रक वितरित किए गए। मंच की ओर से सभी से अपील की जाती है कि वे एकजुट होकर स्वदेशी अपनाएँ, स्थानीय उत्पाद खरीदें और हर खरीद के साथ किसी परिवार की मुस्कान, किसी युवा का भविष्य और राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएँ।
