सूरजकुंड दिवाली उत्सव मेले को लेकर 700 पुलिसकर्मी तैनात
फरीदाबाद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 2 अक्टूबर से होगा शुरू
फरीदाबाद। फरीदाबाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सूरजकुंड में होने वाले द्वितीय दिवाली उत्सव मेले के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पर्यटन विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा यह मेला 2 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। पुलिस उपायुक्त (एनआईटी) मकसूद अहमद को मेले का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में करीब 700 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा, ताकि आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने के लिए मेला परिसर को पांच जोनों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की कमान निरीक्षक स्तर के अधिकारी के पास होगी। साथ ही मेले के आसपास पांच स्थानों पर नाकाबंदी की गई है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व को तुरंत रोका जा सके। विशेष परिस्थिति से निपटने के लिए कमांडो और सवैट टीम भी तैनात की गई है।
यह भी पढ़ें
भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तीन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, गोल्ड फींच के सामने, ताज विवांता होटल के सामने और दिल्ली गेट के पास महा स्टेज मैदान। इन पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा, ताकि आने-जाने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मेले का आनंद लें और किसी भी प्रकार की अराजकता या अशांति फैलाने से बचें। साथ ही, मेले के अंदर हथियार और ज्वलनशील वस्तुएं लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं दूसरी बार आयोजित हो रहा दिवाली उत्सव मेला न केवल फरीदाबाद नहीं, बल्कि पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, हस्तशिल्प और परंपरागत कला का प्रदर्शन लोगों को अपनी संस्कृति से जोडऩे का काम करेगा। यह आयोजन त्योहार के माहौल को और भी यादगार बनाने वाला है।
