आईपीएस पूरन कुमार को श्रद्धांजलि, सफाई कर्मचारियों ने 15 अक्टूबर को देशव्यापी हड़ताल की घोषणा
फरीदाबाद। नगर निगम परिसर में शनिवार को सफाई कामगार संघर्ष समिति जिला फरीदाबाद की ओर से महर्षि गुरु वाल्मीकि प्रकाश पर्व के अवसर पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में सफाई कर्मचारी, नगर पालिका कर्मचारी संघ के हरियाणा राज्य प्रधान नरेश शास्त्री और अखिल भारतीय सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा सहित अन्य कई अधिकारी शामिल हुए। गोष्ठी के दौरान आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिवार के लिए न्याय की मांग उठाई गई।
यह भी पढ़ें
सुभाष लांबा ने कहा कि पूरन कुमार दलित समाज से थे और उन्हें कुछ अधिकारियों द्वारा मानसिक रूप से इतना दबाव और उत्पीड़न झेलना पड़ा कि उन्होंने सुसाइड जैसा दुखद कदम उठा लिया। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सुसाइड नोट में जिन अधिकारियों के नाम हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में हो ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।कार्यक्रम में कर्मचारियों ने कहा कि अगर दलित समाज से आए एक आईपीएस अधिकारी को भी न्याय नहीं मिल पा रहा है, तो यह पूरे सिस्टम की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया पर जूता फेंकने की घटना की भी कड़ी निंदा की और इसे न्यायपालिका के अपमान के रूप में देखा। साथ ही दलित समाज को कमजोर दिखाने के प्रयासों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की भी मांग की गई। सभी उपस्थित कर्मचारियों ने एकजुट होकर कहा कि जब तक वाई. पूरन कुमार मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे। इसी के तहत सफाई कर्मचारियों ने 15 अक्टूबर को देशव्यापी हड़ताल करने की घोषणा की है। यह हड़ताल न्याय, समानता और सही कार्रवाई की मांग के लिए आयोजित की जाएगी। इस आंदोलन के जरिए कर्मचारियों का उद्देश्य समाज में व्याप्त अन्याय और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाना है ताकि दलित समाज को समान अधिकार और न्याय मिल सके।
