कांग्रेसी नेता अनिल नेताजी ने किया पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र हुड्डा का स्वागत
फरीदाबाद। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के होडल आगमन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अनिल कुमार नेताजी ने फरीदाबाद टोल टैक्स पर उनका फूलों का गुलदस्ता भेंट कर व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस मौके पर उनके साथ मुख्य रुप से कांग्रेसी नेता परसोत्तम लाल, रतनपाल चौहान, नेमीचंद सैनी, युवा नेता गौरव चौधरी आदि मौजूद रहे। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि वह भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जन-जन में उजागर करे ताकि आने वाले समय में इस तानाशाह सरकार को सत्ताविहिन किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है, इसलिए पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जुट जाए। इस अवसर पर कांग्रेसी नेता अनिल कुमार नेताजी ने कहा कि फरीदाबाद में कांग्रेस संगठन मजबूती के साथ विपक्ष की आवाज को बुलंद कर रहा है। हाल ही में आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने भाजपा सरकार की पोल खोल दी है। इस मामले को लेकर कांग्रेसी एकजुट होकर जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से इस मामले में निष्पक्ष जांच करवाने की मांग करेंगे।
