बल्लभगढ़ समारोह में हरियाणा की संस्कृति और लोक परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन

- प्रदेशवासियों के गौरव, एकता एवं समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित रहा हरियाणा स्थापना दिवस समारोह

बल्लभगढ़। हरियाणा प्रदेश के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को बल्लभगढ़ स्थित अटल ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। विधायक पंडित मूलचंद शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि समारोह का दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से शुभारंभ किया। प्रदेशवासियों के गौरव, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित जिला स्तरीय समारोह में प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों में हरियाणा प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
मुख्य अतिथि पंडित मूलचंद शर्मा ने बल्लभगढ़ में आयोजित हरियाणा दिवस समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सभी को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा और हरियाणवियों ने लगातार प्रगति कर विकास के क्षेत्र में अपनी अद्वितीय पहचान बनाई है। आज हमारा राज्य देश के सबसे तेजी से विकसित होते राज्यों में से एक है।

उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे सभी क्षेत्रों में हरियाणा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। ये उपलब्धियां केवल सरकार की नीतियों का परिणाम नहीं हैं, बल्कि मेहनती नागरिकों, कर्मठ किसानों, प्रतिभाशाली युवाओं और निष्ठावान कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का प्रतीक हैं। हरियाणा की धरती वीरता, परिश्रम और संकल्प की प्रतीक रही है। इस प्रदेश ने देश को अनाज, दूध और औद्योगिक उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ खेलों में भी भारत का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य का हर नागरिक विकास यात्रा में सहभागी बने और नई ऊंचाइयां हासिल करे। भविष्य का हरियाणा आधुनिक होने के साथ परंपराओं से भी जुड़ा रहेगा।

समारोह में पंडित मूलचंद शर्मा ने बताया कि सरकार जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर आज से पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत हुई और दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिला लाभार्थियों के खातों में हर माह 2100 रुपए डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए जाने लगे हैं।
जिला स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागी कलाकारों और विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में हरियाणवी डांस, हरियाणवी सोलो नृत्य और हरियाणवी लोक नृत्य की बेहतरीन प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध संस्कृति, शौर्य और लोक परंपराओं को जीवंत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया और कार्यक्रम का माहौल अत्यंत हर्षोल्लास पूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। विजेताओं में प्रथम स्थान थारू राम कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बल्लभगढ़ को प्राप्त हुआ, द्वितीय स्थान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सराय ख्वाजा ने हासिल किया और तृतीय स्थान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बल्लभगढ़ को दिया गया। इस तरह सांस्कृतिक कार्यक्रम ने न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया बल्कि हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर किया। अंत में डीसी विक्रम सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देते हुए कार्यक्रम में पधारने पर उनका धन्यवाद किया।
इस अवसर पर फरीदाबाद महापौर प्रवीण जोशी, भाजपा बल्लभगढ़ जिलाध्यक्ष सोहन पाल सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, क्षेत्र के पार्षदगण सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे

You might also like