श्री कृष्ण जन्मभूमि अविलंब हिंदुओं को सौंपा जाए: दिनेश फलाहारी
- श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर संघर्ष न्यास के राष्ट्रीय संरक्षक रूप सिंह नागर का अभिनंदन समारोह
फरीदाबाद। श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर संघर्ष न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने आज कहा कि हिंदू अपना हक मांग रहा है, आज नहीं तो कल न्यायालय और सरकार हमें हमारा हक जरूर देंगे। वह यहां फरीदाबाद में समाजसेवी रूप सिंह नागर को न्यास का राष्ट्रीय संरक्षक बनाए जाने पर आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
दिनेश फलाहारी महाराज ने श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर को अविलंब हिंदुओं को सौंपे जाने की मांग की। वह मंदिर की अदालती कार्रवाई में मुख्य पक्षकार हैं और मंदिर हिंदुओं को मिलने तक उन्होंने अन्न त्यागने और नंगे पैर रहने का व्रत लिया हुआ है। दिनेश फलाहारी ने बताया कि हम समस्त हिंदुओं की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसके लिए हमारा तरीका पूरी तरह से संवैधानिक रहा है। हम देश के संविधान पर भरोसा करते हैं और मांग करते हैं कि जैसे अयोध्या में भगवान श्री राम का जन्म स्थल हिंदुओं को सौंपा गया है, उसी प्रकार मथुरा में भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर स्थान भी हिंदुओं को सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि हम 21 बार अपने खून से सरकार के मुखियाओं को इस बारे में पत्र लिख चुके हैं। हमें अपने गोविंद पर पूरा भरोसा है कि न्याय हमारे पक्ष में होगा।
यह भी पढ़ें
दिनेश फलाहारी ने बताया कि समाजसेवी रूप सिंह नागर को न्यास का राष्ट्रीय संरक्षक बनाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे नागर द्वारा स्वीकार करने से सभी प्रसन्न हैं । इसी लिए आज न्यास के प्रमुख व्यक्तियों ने उनके निवास पर अभिनंदन समारोह आयोजित किया है। हमें विश्वास है कि उनके साथ आने से हमारे संघर्ष को बल मिलेगा। इस अवसर पर नवनियुक्त राष्ट्रीय संरक्षक रूप सिंह नागर ने कहा कि वह तन मन धन से न्यास के उद्देश्यों के साथ सहमत हैं और वह इस संघर्ष में अपना पूर्ण सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि राधा रानी गूजरी थीं और इस नाते भी हमारा भगवान श्री कृष्ण जन्मभूमि को मुक्त करने के संघर्ष को साथ देना नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर संत प्रिया किशोरी भारद्वाज, राजेश पाठक राष्ट्रीय प्रवक्ता, नूंह की ब्रज मंडल यात्रा से जुड़े नत्थू सिंह ने भी संबोधन में रूप सिंह नागर के न्यास से जुड़ने को स्वर्णिम अवसर बताया। इस अवसर पर ट्रस्ट से जुड़े महिपाल बिड़लान राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, सचिन उपाध्याय दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष, हेमंत पाण्डेय दिल्ली प्रदेश महासचिव, गौरव असोलिया दिल्ली प्रदेश सोशल मीडिया इंचार्ज आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
