आभा आईडी बनेगी आपका डिजिटल हेल्थ पासपोर्ट : आयुष सिन्हा
फरीदाबाद । भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के अंतर्गत देश को एक सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि यह पहल नागरिकों को उनके स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित डिजिटल रूप में संरक्षित, प्रबंधित और आवश्यकता अनुसार साझा करने की सुविधा प्रदान करती है।
आभा आईडी क्या है? :
आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट) एक 14 अंकों की विशिष्ट डिजिटल स्वास्थ्य पहचान संख्या है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने मेडिकल रिकॉर्ड—जांच रिपोर्ट, दवाइयाँ, उपचार विवरण आदि—को एक ही प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रूप से देख सकते हैं। यह पूरी तरह निःशुल्क और स्वैच्छिक सेवा है, जिसमें नागरिक अपने डेटा पर पूर्ण नियंत्रण रखते हैं।
आभाआईडी के प्रमुख लाभ:
डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड की सुविधा: नागरिक कभी भी और कहीं से भी अपना स्वास्थ्य इतिहास देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें
स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच: टेली-कंसल्टेशन, ई-प्रिस्क्रिप्शन, ऑनलाइन लैब रिपोर्ट जैसी सेवाएँ सरलतापूर्वक उपलब्ध होती हैं।
बेहतर उपचार और निर्णय: डॉक्टरों को मरीज का पूरा मेडिकल इतिहास उपलब्ध होने से अधिक सटीक उपचार संभव होता है।
आभा आईडी कैसे बनाएं? :
नागरिक अपनी आभा आईडी abha.abdm.gov.in पर ऑनलाइन बना सकते हैं या अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर भी बनवा सकते हैं। प्रक्रिया सरल है और इसके लिए आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस या किसी मान्य पहचान पत्र की आवश्यकता होती है।
सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठाएं ताकि स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल बदलाव को गति मिल सके और लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुगम एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हों।
