निगम आयुक्त के आदेश पर बल्लभगढ़ जोन में साप्ताहिक जन-शिकायत निवारण कैंप आयोजित

फरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के आदेशों पर निगम के बल्लभगढ़ जोन में बुधवार को आमजन की समस्याओं को दूर करने एवं विशेष रूप से प्रॉपर्टी आईडी (पीआईडी) संबंधी समस्याओं का समाधान करने के लिए एक साप्ताहिक कैंप आयोजित किया गया। कैंप में लगभग 15 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया जबकि 12 शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए भेज दिया है जो 3 से 4 दिन में हल होगी।
कैंप में जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही निपटाया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक कैंप के अलावा नागरिक किसी भी कार्य दिवस के दौरान अपनी समस्या निगम कार्यालय में आकर दर्ज करा सकते हैं।
इस अवसर पर बल्लभगढ़ जोन के क्षेत्रीय अधिकारी एवं कर अधिकारी दीपा पब्बी और अशोक कुमार भी मौजूद रहे और उन्होंने नागरिकों की समस्याओं से जुड़े विभागीय कार्यों को निपटाया। निगम प्रशासन के अनुसार इस कैंप का उद्देश्य प्रॉपर्टी आईडी की प्रक्रिया को सुगम एवं प्रभावी बनाना है। इसके अलावा, आम नागरिक नगर निगम कार्यालय से संबंधित किसी भी कार्य को लेकर कैंप में पहुंच सकते हैं ताकि उनकी समस्या का समाधान किया जा सके।
निगम आयुक्त के आदेशानुसार अब प्रत्येक निगम जोन में आमजन की समस्याओं को दूर करने के लिए कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक समस्याएं सुनी जाएंगी।

You might also like