दा हेराल्ड पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा

बच्चों का सर्वांगीण विकास ही समाज की सच्ची पूंजी है : कमलेश शास्त्री - गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही उज्ज्वल भविष्य संभव : प्रोफेसर डॉ. एम.पी. सिंह

फरीदाबाद: ‘दा हेराल्ड पब्लिक’ स्कूल का वार्षिक समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन हरपाल सिंह यादव ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा पास कराना नहीं है, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण और सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हेराल्ड पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित कर रहा है। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

विद्यालय की प्राचार्या नवदीप यादव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, नैतिक मूल्यों से युक्त और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनाना है। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि कमलेश शास्त्री, हरियाणा जिला बाल कल्याण अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को मंच देना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने बाल अधिकारों, बाल संरक्षण और सरकारी कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर डॉ. एम.पी. सिंह ने शिक्षा के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के युग में गुणवत्ता आधारित शिक्षा ही बच्चों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बना सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और नवाचार की ओर प्रेरित किया। वहीं डॉ. रवि हांड ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाने की सलाह दी और कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति, सामाजिक संदेश और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित नृत्य, गीत और नाटक प्रस्तुत किए। अंत में शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

You might also like