अरावली को परिभाषित करने की बजाय पूरी तरह संरक्षित करने की जरूरत : गौतम पराग

‘सेव अरावली’ मुहिम को लेकर युवा कांग्रेस ने धरना देकर दर्ज कराया विरोध

फरीदाबाद। अरावली पर्वतमाला को बचाने की मुहिम को लेकर हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम पराग के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने ‘सेव अरावली’ मुहिम के तहत हनुमान मंदिर, बडखल में सांकेतिक सत्याग्रह किया और सुप्रीमकोर्ट व सरकार से इसे बचाने की मांग की। सांकेतिक सत्याग्रह में बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों के साथ-साथ गणमान्य लोगों ने भी हिस्सा लिया और अरावली पर्वतमाला को बचाने के लिए पुरजोर आवाज उठाई। इस मौके पर हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम पराग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर की स्वच्छ हवा और जल स्तर बचाने के लिए अरावली का पूर्ण संरक्षण जरूरी है। अरावली को परिभाषित करने की बजाय पूरी तरह संरक्षित करने की जरूरत है।

अरावली बचेगी तभी दिल्ली-एनसीआर को भविष्य में स्वच्छ हवा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि अरावली केवल पत्थर और मिट्टी का ढेर नहीं है, बल्कि यह दिल्ली-एनसीआर के लिए एक नेचुरल फिल्टर है। ये पहाड़ हमारे बुजुर्गों की अमानत हैं और हमारे बच्चों का भविष्य हैं। केवल ऊंचाई के आधार पर अरावली को सीमित करना वैज्ञानिक और पारिस्थितिक दृष्टि से गलत है। श्री गौतम ने कहा कि अरावली पर्वतमाला उत्तर भारत की जीवनरेखा है, जो भूजल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं जलवायु सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, लेकिन इसके बावजूद लगातार इसका दोहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस न्यायालय के आदेशों की खुलेआम अवहेलना और प्राकृतिक संसाधनों की लूट को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने अवैध खनन पर तत्काल रोक, न्यायालय के आदेशों के सख्त पालन तथा खनन माफिया एवं दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। श्री गौतम ने कहा कि यह सत्याग्रह पूर्णत: शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक रहा, जिसमें युवाओं, पर्यावरण कार्यकर्ताओं एवं जागरूक नागरिकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और अरावली को बचाने की आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढय़िों के भविष्य की रक्षा के लिए है। इस मौके पर कांग्रेस फरीदाबाद जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक, प्रदेश प्रभारी युवा कांग्रेस सतदेव गहलोत, प्रदेश के उपाध्यक्ष चितवन गोदारा, दिनेश पोसवाल, कृष्ण अत्री, चंचल तंवर, मोहसिन खान बडखल, गौरव चौधरी, सैम अरोड़ा, जिशान सैफी, हरकेश, गगन, धरमू, अरमान सहित अनेकों कांग्रेस कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद थे।

You might also like