गुरुग्राम रोड पर चलती कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
फरीदाबाद। गुरुग्राम रोड पर हनुमान मंदिर के सामने देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ अचानक एक फोर्ड इको स्पोर्ट कार में आग लग गई। गनीमत रही कि कार चला रहे युवक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने का मुख्य कारण इंजन में शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें
अरावली विहार निवासी दिनेश ने बताया कि वह अपनी कार से दिल्ली के छतरपुर जा रहे थे। अचानक कार के बोनट के अंदर से चिंगारी निकलती दिखाई दी। उन्होंने तुरंत कार रोककर जैसे ही बोनट खोला, इंजन में आग भड़क उठी। कुछ ही समय में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। दिनेश ने बताया कि वह पिछले करीब 8 साल से इस कार का इस्तेमाल कर रहे थे। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलती देख चालक कार से दूर हट गया जिससे उसकी जान बच गई। इस हादसे में कार के अंदर रखा कीमती सामान और जरूरी कागजात जलकर राख हो गए। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुँची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर ट्रैफिक बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू रूप से चालू करवाया। मौके पर पहुँची पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। कार चालक सुरक्षित है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह इंजन में शॉर्ट-सर्किट को माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग अभी मामले की पूरी जांच कर रहे हैं।
