दुकानों के सामने खुदाई को लेकर जेई और दुकानदारों में हुआ विवाद
फरीदाबाद। एनआईटी नंबर-2 बाजार में शुक्रवार को सडक़ निर्माण और चौड़ीकरण कार्य को लेकर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब नगर निगम की टीम द्वारा दुकानों के सामने खुदाई शुरू की गई। खुदाई को लेकर स्थानीय दुकानदारों और निगम अधिकारियों के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिली, जिससे कुछ समय के लिए काम भी प्रभावित हुआ। जानकारी के मुताबिक, एनआईटी-2 बाजार में नगर निगम द्वारा सडक़ का पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में निगम की ओर से दुकानों के सामने खुदाई कराई जा रही है। आरोप है कि यह खुदाई दुकानों के बाहर बने टीन शेड के नीचे तक की जा रही है, जिससे दुकानदारों में नाराजगी फैल गई। दुकानदारों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताते हुए कहा कि निगम गलत तरीके से खुदाई कर रहा है और इससे उनकी दुकानों के दरवाजों और ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है।
दुकानदारों का कहना था कि सडक़ चौड़ीकरण से पहले बिजली के खंभों को हटाया जाना चाहिए, लेकिन निगम इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। उनका आरोप है कि केवल दुकानों को निशाना बनाकर खुदाई की जा रही है, जिससे व्यापार प्रभावित होने का खतरा है। हंगामे की सूचना मिलने के बाद निगम के जेई कपिल मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही दुकानदारों और अधिकारियों के बीच बहस तेज हो गई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोक-झोंक चली। बाद में जेई कपिल ने दुकानदारों को समझाया और आश्वासन दिया कि सडक़ चौड़ीकरण का कार्य जनहित में किया जा रहा है और किसी को अनावश्यक नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। जेई कपिल ने कहा कि जिन दुकानों के बाहर अतिक्रमण है, उन्हें हटाकर ही सडक़ चौड़ीकरण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें
विभाग नियमों के तहत अपना काम कर रहा है। अधिकारियों के समझाने के बाद दुकानदार शांत हुए और कुछ देर बाद काम दोबारा शुरू हो सका। फिलहाल, निगम द्वारा सडक़ चौड़ीकरण का कार्य जारी है, वहीं दुकानदारों की मांग है कि काम पारदर्शी तरीके से हो और उनकी दुकानों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।
