मंत्री राजेश नागर का जन्मदिन हर्षोल्लास से मना, हेलिकाप्टर से हुई पुष्प वर्षा
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में राज्यमंत्री राजेश नागर का जन्मदिन उनके भतोला स्थित निवास पर बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। एक रात पहले से ही समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आमजन का तांता उनके निवास पर लगा रहा। जन्मदिन समारोह की सबसे खास और आकर्षक झलक उस समय देखने को मिली जब कार्यकर्ताओं द्वारा हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई। आसमान से फूलों की बारिश होते ही पूरा वातावरण उत्साह से भर गया। यह दृश्य देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे7 मंत्री राजेश नागर ने आयोजन की शुरुआत परिजनों का आशीर्वाद लेकर हवन के साथ की7 इस खास अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पलवल जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला विशेष रूप से मंत्री राजेश नागर को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे।
यह भी पढ़ें
उन्होंने नागर के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि राजेश नागर जनसेवा के प्रति समर्पित नेता हैं, जिन्होंने सदैव जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी है। प्रदेश के राज्यपाल अशीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित प्रदेश के अनेक मंत्रियों, विधायकों एवं सांसदों से मिली जन्मदिन की शुभकामनाओं ने मंत्री राजेश नागर की राजनीतिक और सामाजिक गरिमा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक अंदाज में घोड़ी डांस का आयोजन भी किया गया, जिसने समारोह में चार चांद लगा दिए। ढोल-नगाड़ों की गूंज और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों के नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने कहा कि जनता का प्रेम, विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ समाज और प्रदेश के निर्माण में योगदान देने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर मंत्री के निवास सहित अन्य स्थानों पर भी युवा कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इनमें मंत्री के अनुज सुधीर नागर एवं भाजपा युवा फरीदाबाद जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर की टीम की प्रमुख भूमिका रही। वहीं मंत्री राजेश नागर ने अनाथ आश्रम से आए बच्चों के साथ भी केक काटकर अपनी खुशी साझा की। कार्यक्रम में प्रदेश के पलवल, जगाधरी, करनाल, गुरुग्राम, सोनीपत, नूहं, मेवात आदि स्थानों एवं तिगांव विधानसभा क्षेत्र के निगम पार्षद, जिला पार्षद, सरपंच, पंच, बीडीसी सदस्यों सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक, सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
