पुलिस ने तोड़ा वकील के बेटे की गाड़ी का शीशा, वकीलों ने की हड़ताल
फरीदाबाद। जिला बार एसोसिएशन के महासचिव टीका डागर ने क्राइम ब्रांच के कर्मियों पर जांच के नाम पर उनके बेटे को परेशान करने और कार का शीशा तोडऩे का आरोप लगाया है। मामले के विरोध में बुधवार को जिला बार एसोसिएशन हड़ताल पर चला गया। एसोसिएशन ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के विरोध में बुधवार को जिला बार एसोसिएशन ने अदालत में कामकाज ठप्प रखा और इतना ही नहीं बल्कि अदालत परिसर में किसी भी पुलिस वाले के घुसने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी। वकीलों ने कहा कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, वे अपना विरोध जारी रखेंगे।
बार एसो. के प्रधान राजेश बैंसला ने बताया कि यह घटना पूरी तरह से गलत है, पुलिस की यह कार्रवाई पूरी तरह से तानाशाह है, जिसका वह खुलकर विरोध करते है और जब तक दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते जब तक वह हड़ताल नहीं तोड़ेंगे। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है। एडवोकेट टीका डागर का आरोप है कि उनका बेटा मंगलवार देर रात कार से सेक्टर-37 की ओर से आ रहा था। मुंबई एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर सेक्टर-तीन के पास क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने नाका लगाया हुआ था।
यह भी पढ़ें
आरोप के अनुसार, जांच के दौरान क्राइम ब्रांच में तैनात पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे को बेवजह परेशान किया और डंडा मारकर कार का शीशा तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मचारी गाडी पर इस तरह बरसे जैसे गाडी किसी क्रिमिनल की हो। उन्होंने कहा कि अगर उनके बेटे ने किसी नियम की अवहेलना की है, तो उसका चालान काटा जाए परंतु इस तरह उस पर डंडों से हमला करना पूरी तरह से गलत है। घटना के संबंध में सेक्टर-आठ थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। बार एसोसिएशन ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
