स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल स्टोरों पर की छापेमारी, नौ स्टोर के लाईसेंस रद्द

फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को फरीदाबाद और पलवल में बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ मेडिकल स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। यह कार्रवाई ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंस अथॉरिटी के द्वारा की गई है। जांच में सामने आया कि ये स्टोर दिल्ली के भागीरथ पैलेस मार्केट से नकली नामों के तहत दवाइयां खरीदकर बेच रहे थे। जांच में ये भी पाया गया कि बिना डॉ के प्रिस्क्रिप्शन के इन दवाइयों को बेचा जा रहा था। ड्रग कंट्रोल विभाग की जांच में पाया गया कि संबंधित मेडिकल स्टोर दवाइयों की खरीद और बिक्री का सही रिकॉर्ड पेश नहीं कर सके। स्टॉक रजिस्टर और बिलिंग दस्तावेजों में भारी अनियमितताएं पाई गईं। विभाग के अनुसार कुछ दवाइयां नकली नामों से बेची जा रही थी, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई स्टोर पर डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना ही दवाइयों की बिक्री की जा रही थी, जो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट का उल्लंघन है।  फरीदाबाद के सेक्टर-55, सेहतपुर, बल्लभगढ़ और भारत कॉलोनी के चार मेडिकल स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। वहीं पलवल के तातारपुर, दुधौला, उटावड़, माता वाला मोहल्ला और रसूलपुर में स्थित पांच मेडिकल स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर संदीप गहलान ने बताया कि नकली दवाइयों के खिलाफ विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसके लिए जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स टीम गठित की गई है, जो नियमित रूप से मेडिकल स्टोरों की जांच करती है। हर महीने 100 से अधिक मेडिकल स्टोर की जांच की जाती है और रिपोर्ट लाइसेंसिंग विभाग को भेजी जाती है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाती है।

You might also like