शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी : विपुल गोयल

‘क्लीन एंड ग्रीन फरीदाबाद’ पहल सफलतापूर्वक संपन्न

फरीदाबाद। फरीदाबाद को स्वच्छ एवं हरित बनाने के उद्देश्य से आरडब्ल्यूए 21ए ईस्ट  एवं रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित ‘क्लीन एंड ग्रीन फरीदाबाद’ पहल 22 फरवरी को सेक्टर 21ए में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस पहल को मदरसन ग्रुप के सी.एस.आर. सहयोग से समर्थन प्राप्त हुआ तथा इसका क्रियान्वयन इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सर्वोदय हेल्थकेयर के सी.एस.आर भाग सर्वोदय फाउंडेशन सहित विभिन्न रोटरी क्लबों का सक्रिय सहयोग मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेन्द्र खडग़टा उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने स्वच्छता, सतत विकास और जनभागीदारी को शहर के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण एरोबिन कम्पोस्टर का प्रदर्शन रहा। इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन द्वारा अपने ‘ज़ीरो वेस्ट अभियान’ के अंतर्गत एरोबिन कम्पोस्टिंग तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। ये विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए, इंसुलेटेड एवं एरोबिक डिब्बे घरेलू गीले कचरे और हरे अपशिष्ट को प्राकृतिक रूप से खाद (कम्पोस्ट) में परिवर्तित करते हैं।

आरडब्ल्यूए 21ए ईस्ट के अध्यक्ष श्री अजय मलिक ने क्षेत्रवासियों की ओर से इस पहल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार प्रकट किया मियावाकी पद्धति से विकसित वन क्षेत्र का अवलोकन कराया गया, जो रोटरी मिडटाउन नेक्स्ट की पहल के अंतर्गत विकसित किया गया। इस अवसर पर नागरिकों को शहरी क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के महत्व और मियावाकी तकनीक के लाभों के बारे में जानकारी दी गई। धीरेन्द्र खडग़टा ने अपने संबोधन में कहा, क्लीन एंड ग्रीन फरीदाबाद’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण है।

जब स्थानीय निवासी, सामाजिक संस्थाएं और कॉर्पोरेट क्षेत्र एक साथ आते हैं, तो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को स्थायी रूप से हासिल किया जा सकता है। नगर निगम ऐसे प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि फरीदाबाद स्वच्छ, हरित और सतत विकास की दिशा में अग्रस रहे। इस अवसर पर 100 साइकिलों का वितरण जरूरतमंद बालिकाओं को किया गया। यह साइकिल वितरण अभियान रोटरी क्लब ऑफ़ फरीदाबाद हेरिटेज के सहयोग से संपन्न हुआ। इस पहल ने बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने का संदेश दिया।

इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन के प्रतिनिधि श्री आशीष जी ने सी.एस.आर पहल की जानकारी साझा की और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक जिम्मेदारी पर बल दिया।  इस अवसर पर सर्वोदय हेल्थकेयर की प्रबंध निदेशक सुश्री अंशु गुप्ता एवं चेयरमैन डॉ. राकेश गुप्ता की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। उन्होंने सामाजिक और पर्यावरणीय पहलों में सामुदायिक भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया। इस प्रक्रिया में जैविक अपशिष्ट नियंत्रित वायु संचार के माध्यम से शीघ्रता से विघटित होकर पोषक तत्वों से भरपूर खाद में बदल जाता है। इस पहल ने कचरे से संसाधन की अवधारणा को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया, जिसने नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।

You might also like