फरीदाबाद में डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत
परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लगाए महिला से मारपीट के आरोप
फरीदाबाद। खेड़ी पुल थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान नवजात शिशु की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टर और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही व मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाकर जांच शुरू कर दी है। भूपानी निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने 22 फरवरी को अपनी पत्नी सुषमा को भारत कॉलोनी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती कराया था। अस्पताल में मौजूद डॉ. अजय ने उन्हें सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) का भरोसा दिया था।
यह भी पढ़ें
परिजनों का कहना है कि जब बच्चे का जन्म हुआ, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रसव के दौरान डॉक्टरों ने महिला के पेट पर जोर-जबरदस्ती और घूंसे मारकर बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश की, जिससे गर्भ में ही नवजात की मौत हो गई। साथ ही, अस्पताल स्टाफ पर महिला के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद परिजनों में भारी रोष है। थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ लापरवाही और मारपीट के आरोपों की जांच की जा रही है। नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में रखा गया है। मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
